Molbio Diagnostics IPO: गोवा का पहला यूनिकॉर्न, मोतीलाल ओसवाल का निवेश, ₹931 करोड़ के इश्यू में पैसे लगाएं या नहीं?

Molbio Diagnostics IPO: गोवा की पहली यूनिकॉर्न और टेमासेक और मोतीलाल ओसवाल ग्रुप के निवेश वाली मोल्बियो डाइग्नॉस्टिक्स का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए आज खुल रहा है। निवेश से पहले जानिए कि कंपनी की कारोबारी सेहत कैसी है, ग्रे मार्केट से क्या संकेत मिल रहे हैं और इसे लेकर ब्रोकरेज फर्मों का रुझान क्या है

अपडेटेड Aug 10, 2026 पर 9:15 AM
Molbio Diagnostics IPO: टेमासेक (Temasek) और मोतीलाल ओसवाल ग्रुप (Motilal Oswal Group) के निवेश वाली मोल्बियो डाइग्नॉस्टिक के आईपीओ में 12 अगस्त तक पैसे लगा सकेंगे।

Molbio Diagnostics IPO: टेमासेक (Temasek) और मोतीलाल ओसवाल ग्रुप (Motilal Oswal Group) के निवेश वाली मोल्बियो डाइग्नॉस्टिक का ₹930.7 करोड़ का आईपीओ आज खुल रहा है। निवेशक इसमें 12 अगस्त तक पैसे लगा सकेंगे। आईपीओ खुलने से पहले 33 एंकर निवेशकों के जरिए इसने ₹281.45 करोड़ जुटाए हैं। इस आईपीओ के जरिए वर्ल्ड बैंक ग्रुप की प्राइवेट सेक्टर इंवेस्टमेंट आर्म इंटरनेशनल फाइनेंस कॉरपोरेशन (IFC) ने भी करीब पांच साल बाद देश के मेनबोर्ड आईपीओ मार्केट में एंकर निवेशक के तौर पर वापसी की और एंकर बुक का 7.11% हिस्सा यानी 2,47,842 शेयर ₹807 के भाव पर ₹20 करोड़ में हासिल किए। आईएफसी ने इससे पहले जून 2021 में डोडला डेयरी के एंकरबुक में ₹10 करोड़ डाले थे और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 2024 तक अपना निवेश बनाए रखा।

मोल्बियो डाइग्नॉस्टिक्स को लेकर ग्रे मार्केट में रुझानों की बात करें तो पॉजिटिव सिग्नल मिल रहे हैं। आईपीओ के अपर प्राइस बैंड से यह ₹132 यानी 16.36% की GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) पर है। हालांकि मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक ग्रे मार्केट से मिले संकेतों की बजाय कंपनी के फंडामेंटल्स और फाइनेंशियल्स के आधार पर ही निवेश से जुड़ा फैसला लेना चाहिए।

Molbio Diagnostics IPO: क्या है एक्सपर्ट्स की राय

SBI Securities: Subscribe for long term


ब्रोकरेज फर्म एसबीआई सिक्योरिटीज का कहना है कि मोल्बियो डाइग्नॉस्टिक्स POC (प्वाइंट ऑफ केयर) मॉलीक्यूलर डाइग्नॉस्टिक्स की एक दिग्गज कंपनी है जिसके प्लेटफॉर्म ट्रूनैट (Truenat) को WHO से मान्यता मिली हुई है। ब्रोकरेज फर्म ने इसकी कारोबारी सेहत को मजबूत बताते हुए कहा कि आईपीओ के अपर प्राइस बैंड के हिसाब से यह वित्त वर्ष 2026 की कमाई के मुकाबले 56.5 गुना और 28.5x EV/EBITDA भाव पर है। कंपनी के ग्रोथ प्रोफाइल, प्रॉफिटेबिलिटी, रिटर्न रेश्यो और डाइग्नॉस्टिक इकोसिस्टम में मजबूत स्थिति को देखते हुए ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि यह आईपीओ बेहतर वैल्यूएशन पर है।

ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक एसे (Assay) पोर्टफोलियो के विस्तार, मॉलिक्यूलर डाइग्नॉस्टिक्स के बढ़ते इस्तेमाल और इंटरनेशनल मार्केट में पैठ बनाने के साथ-साथ R&D (रिसर्च एंड डेवलपमेंट) और मैन्युफैक्चरिंग क्षमताओं में निवेश से इसे बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। हालांकि टीबी से जुड़ी टेस्टिंग से होने वाली कमाई पर निर्भरता, कस्टमर कंसंट्रेशन और सरकारी खरीद प्रोग्राम्स जैसी बातों पर नजर रखने की ज़रूरत है। ओवरऑल इसके मजबूत टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म और मार्केट में मजबूत स्थिति को देखते हुए ब्रोकरेज ने लॉन्ग टर्म के लिए इसे सब्सक्राइब करने की सलाह दी है।

Master Capital Services: Long-term opportunity

मास्टर कैपिटल सर्विसेज का कहना है कि मोल्बियो डायग्नॉस्टिक्स अपने खास ट्रूनेट प्लेटफॉर्म के जरिए मॉलिक्यूलर डाइग्नॉस्टिक्स की बढ़ती मांग का फायदा उठाने के लिए अच्छी स्थिति में है। ब्रोकरेज फर्म ने कंपनी की R&D क्षमताओं, ग्लोबल पेटेंट पोर्टफोलियो, रेडियोलॉजी और डिजिटल पैथोलॉजी में रणनीतिक अधिग्रहणों, छह मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स और 90 से ज्यादा देशों में मौजूदगी को इसकी ग्रोथ की संभावनाओं को सहारा देने वाली मुख्य खूबियों के तौर पर जिक्र किया। ब्रोकरेज फर्म ने इसमें लॉन्ग टर्म के लिए पैसे लगाने की सलाह दी है।

Molbio Diagnostics IPO की डिटेल्स

मोल्बियो डाइग्नॉस्टिक्स के ₹940 करोड़ के आईपीओ में ₹768-₹807 के प्राइस बैंड और 18 शेयरों के लॉट में पैसे लगा सकते हैं। एंप्लॉयीज को हर शेयर पर ₹76 का डिस्काउंट मिलेगा। यह इश्यू आज 12 दिसंबर तक खुला रहेगा। इस इश्यू का 50% हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित है जबकि 15% नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) और 35% खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है। आईपीओ की सफलता के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 13 अगस्त को फाइनल होगा। फिर बीएसई और एनएसई पर 17 अगस्त को एंट्री होगी। इश्यू का रजिस्ट्रार केफिन टेक है।

इस आईपीओ के तहत ₹200 करोड़ के नए शेयर जारी होंगे। इसके अलावा ₹1 की फेस वैल्यू वाले 91.66 लाख शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिकेंगे। ऑफर फॉर सेल का पैसा तो शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिलेगा। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹125.12 करोड़ R&D फैसिलिटी, CoI (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) और कनेक्टेड ऑफिस स्पेस बनाने, ₹80.81 करोड़ कुछ यूनिट्स के लिए प्लांट-मशीनरी और अन्य इक्विपमेंट्स की खरीदरी और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।

Molbio Diagnostics के बारे में

मोल्बियो डायग्नोस्टिक्स एक पॉइंट-ऑफ-केयर (POC) डायग्नोस्टिक्स कंपनी है। इसने 'Truenat' नाम से पीसीआर (PCR) प्लेटफॉर्म डेवलप किया है, जो 100 से अधिक देशों में पेटेंटेड है। यह तकनीक टीबी (TB), कोविड-19, हेपेटाइटिस B & C, एचआईवी (HIV) और एचपीवी (HPV) जैसी बीमारियों की जांच 1 घंटे के भीतर कर सकती है। प्रोग्नोसिस और ऑप्ट्रास्कैन जैसी सहायक कंपनियों के जरिए यह डिजिटल पैथोलॉजी, रेडियोलॉजी और ब्रेस्ट हेल्थ स्क्रीनिंग डिवाइस भी मुहैया कराती है। देश भर में इसके 6 मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटीज हैं और इसके ग्राहक 90 से अधिक देशों में हैं।

कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2024-26 में इसका शुद्ध मुनाफा सालाना 40% से अधिक की रफ्तार यानी CAGR से बढ़कर ₹164.14 करोड़ और टोटल इनकम 31% से अधिक के सीएजीआर से ₹1,455.17 करोड़ पर पहुंच गया। मार्च 2026 के आखिरी में कंपनी पर ₹412.64 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹1,148.84 करोड़ पड़े थे।

Milky Mist IPO: 7 बातें, ₹1533 करोड़ के इश्यू में निवेश से पहले जानना है जरूरी

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।