Moneyview IPO: बेंगलुरु बेस्ड दिग्गज फिनटेक कंपनी Moneyview ने अपना आईपीओ लाने की तैयारी पूरी कर ली है। कंपनी ने 3 मार्च को SEBI के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रोस्पेक्टस (DRHP) जमा कर दिया है। इस आईपीओ के जरिए कंपनी पूंजी जुटाने के साथ-साथ अपने मौजूदा निवेशकों को उनके शेयर बेचने का मौका भी देगी।
मनीव्यू के आईपीओ में फ्रेश इश्यू के साथ ऑफर फॉर सेल (OFS) भी होगा।
फ्रेश इश्यू: कंपनी ₹1,500 करोड़ के नए शेयर जारी करेगी।
ऑफर फॉर सेल (OFS): कंपनी के मौजूदा शेयरधारक और निवेशक करीब 13.6 करोड़ शेयर बेचेंगे।
प्री-आईपीओ प्लेसमेंट: कंपनी आईपीओ से पहले ₹300 करोड़ तक जुटाने पर भी विचार कर सकती है।
कौन-कौन बेच रहा है अपनी हिस्सेदारी?
इस आईपीओ में कई बड़े वैश्विक निवेशक जैसे- एक्सेल, टाइगर ग्लोबल, रिबिट कैपिटल और एपिस पार्टनर्स जैसे बड़े नाम अपना हिस्सा बेचेंगे। इसके साथ ही कंपनी के फाउंडर पुनीत अग्रवाल और संजय अग्रवाल भी अपनी कुछ हिस्सेदारी बेचेंगे। फिलहाल कंपनी में एक्सेल ग्रुप 21.31% हिस्सेदारी के साथ सबसे बड़ा शेयरधारक है, जिसके बाद टाइगर ग्लोबल 13.79% और रिबिट कैपिटल 10.2% का स्थान आता है।
कहां होगा पैसों का इस्तेमाल?
लोन डिस्बर्सल: ₹650 करोड़ का इस्तेमाल डिफॉल्ट लॉस गारंटी (DLG) व्यवस्था के तहत लोन देने के लिए किया जाएगा।
पूंजी विस्तार: ₹450 करोड़ अपनी सब्सिडियरी कंपनी 'विजडम फाइनेंस' की पूंजी बढ़ाने के लिए लगाए जाएंगे।
अन्य जरूरतें: बाकी बची राशि का उपयोग सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए होगा।
कैसा रहा है कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन?
मनीव्यू एक डिजिटल-ओनली वित्तीय सेवा प्लेटफॉर्म है जो मुख्य रूप से मिडिल इंडिया के ग्राहकों पर ध्यान केंद्रित करता है। वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का रेवेन्यू ₹2,339 करोड़ रहा, जो पिछले साल के मुकाबले 74% ज्यादा है। इस दौरान मुनाफा भी 40% बढ़कर ₹240.3 करोड़ पहुंच गया। दिसंबर 2025 को समाप्त नौ महीनों में कंपनी ने ₹2,373 करोड़ के रेवेन्यू पर ₹209.7 करोड़ का लाभ दर्ज किया है। कंपनी का दावा है कि वित्त वर्ष 2025 में डिजिटल अनसिक्योर्ड पर्सनल लोन के मामले में उसकी हिस्सेदारी करीब 11% रही है।
बाजार में मनीव्यू का मुकाबला Policybazaar, Paytm, Bajaj Finance और SBI Cards जैसी बड़ी कंपनियों से है। इस आईपीओ का मैनेजमेंट एक्सिस कैपिटल, बोफा सिक्योरिटीज देख रही है, वहीं IIFL कैपिटल और कोटक महिंद्रा कैपिटल को मर्चेंट बैंकर है।