Mono Pharmacare IPO : मोनो फार्माकेयर का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 28 अगस्त को खुलने वाला है। निवेशक इसमें 30 अगस्त तक निवेश कर सकेंगे। इस आईपीओ के लिए कंपनी ने 26-28 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। इस आईपीओ के जरिए कंपनी 14.84 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इश्यू के तहत 53 लाख फ्रेश इक्विटी शेयर जारी होंगे। वहीं, इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत कोई बिक्री नहीं होगी।
कंपनी के प्रमोटर पनिलम लखतारिया और सुपल लखतारिया के पास फार्मा केयर फर्म में 81.03 फीसदी हिस्सेदारी है और शेष पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास है। इश्यू का लगभग 10 फीसदी हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 45 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स के लिए और शेष 45 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए रिजर्व रखा गया है।
इस आईपीओ के लिए 4000 शेयरों का लॉट साइज तय किया गया है। इसका मतलब है कि निवेशकों को कम से कम 112,000 रुपये का निवेश करना होगा। यूनिस्टोन कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड इस इश्यू का एकमात्र बुक-रनिंग लीड मैनेजर है और बिगशेयर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड रजिस्ट्रार है।
कहां होगा फंड का इस्तेमाल
रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (आरएचपी) के कंपनी फंड का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी। इसके अलावा, इसका इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्य और इश्यू एक्सपेंस के लिए भी होगा। कंपनी के इक्विटी शेयरों को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के इमर्ज प्लेटफॉर्म पर लिस्ट करने का प्रस्ताव है।
आईपीओ खुलने से पहले ग्रे मार्केट में यह इश्यू 5 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। हालांकि, ध्यान दें कि ग्रे मार्केट प्रीमियम केवल एक इंडिकेटर है और इसमें लगातार बदलाव होते रहते हैं।
आईपीओ के तहत सब्सक्रिप्शन के बाद सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट 4 सितंबर को होगा। वहीं, असफल निवेशकों के लिए रिफंड की प्रक्रिया 5 सितंबर से शुरू हो जाएगी। सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में 6 सितंबर को शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे। इसके बाद स्टॉक मार्केट में शेयरों की लिस्टिंग 7 सितंबर को होगी।
मोनो फार्माकेयर कॉस्मो केयर आइटम, एनाल्जेसिक और ज्वरनाशक दवाएं, खांसी, सर्दी और एलर्जी की दवाएं बेचता है। इसके अलावा, कंपनी एंटिफंगल दवाएं, न्यूट्रास्युटिकल दवाएं, हृदय और मधुमेह की दवाएं और मतली और उल्टी की दवाएं भी बेचती है। 17 अक्टूबर 2022 से मार्च को समाप्त अवधि में मोनो फार्माकेयर ने 33.08 करोड़ रुपये का राजस्व और 94 लाख रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया है।