Muthoot FinCorp लाएगी ₹4000 करोड़ का IPO, 1 शेयर को 5 हिस्सों में बांटने का भी फैसला

Muthoot FinCorp ने ₹4,000 करोड़ के IPO और स्टॉक स्प्लिट को मंजूरी दी है। कंपनी एक शेयर को 5 हिस्सों में बांटेगी। साथ ही NCD, कमर्शियल पेपर्स और प्राइवेट प्लेसमेंट के जरिए भी हजारों करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी कर रही है। जानिए पूरी डिटेल।

अपडेटेड May 17, 2026 पर 9:39 PM
Story continues below Advertisement
Muthoot FinCorp ने स्टॉक स्प्लिट का फैसला भी लिया है।

NBFC कंपनी Muthoot FinCorp ने बड़ा फैसला लेते हुए ₹4,000 करोड़ तक का IPO लाने की मंजूरी दे दी है। कंपनी रा बोर्ड प्रस्ताव को हरी झंडी दे चुका है। यह IPO फ्रेश इक्विटी शेयर जारी करके लाया जाएगा और हर शेयर की फेस वैल्यू ₹10 होगी।

हालांकि कंपनी ने साफ किया है कि IPO बाजार की स्थिति, रेगुलेटरी मंजूरी और शेयरधारकों की अनुमति मिलने के बाद ही आएगा।

स्टॉक स्प्लिट का भी ऐलान


Muthoot FinCorp ने स्टॉक स्प्लिट का फैसला भी लिया है। इसके तहत ₹10 फेस वैल्यू वाले एक शेयर को 5 हिस्सों में बांटा जाएगा। यानी अब हर नए शेयर की फेस वैल्यू ₹2 रह जाएगी।

आमतौर पर कंपनियां शेयर की कीमत को छोटे निवेशकों के लिए ज्यादा किफायती बनाने के लिए स्टॉक स्प्लिट करती हैं। इसके लिए कंपनी अपने मेमोरेंडम ऑफ एसोसिएशन में जरूरी बदलाव भी करेगी।

इन रास्तों से भी जुटाएगी पैसा

Muthoot FinCorp सिर्फ IPO पर ही निर्भर नहीं रहने वाली। बोर्ड ने 1 जुलाई 2026 से 30 जून 2027 के बीच पब्लिक इश्यू के जरिए ₹4,000 करोड़ तक के NCD जारी करने की मंजूरी भी दी है।

इसके अलावा कंपनी प्राइवेट प्लेसमेंट के जरिए भी ₹4,000 करोड़ तक जुटाने की योजना बना रही है। इसमें NCD, परपेचुअल डेट इंस्ट्रूमेंट्स और सबऑर्डिनेटेड डेट जैसे विकल्प शामिल होंगे। हालांकि इसके लिए शेयरधारकों की मंजूरी जरूरी होगी।

कमर्शियल पेपर का भी प्लान

Muthoot FinCorp ने कमर्शियल पेपर्स जारी करने की योजना को भी मंजूरी दी है। कंपनी कुल ₹30,000 करोड़ तक के कमर्शियल पेपर्स जारी कर सकेगी। हालांकि किसी भी समय इनकी अधिकतम आउटस्टैंडिंग लिमिट ₹10,000 करोड़ तय की गई है।

कंपनी की Stock Allotment Committee को जरूरत के हिसाब से सिक्योरिटीज जारी और अलॉट करने का अधिकार भी दिया गया है।

चौथी तिमाही में शानदार प्रदर्शन

मार्च 2026 तक Muthoot FinCorp का स्टैंडअलोन कारोबार मजबूत रहा। कंपनी का AUM बढ़कर ₹56,185.10 करोड़ पहुंच गया। वहीं PAT ₹1,640.21 करोड़ और रेवेन्यू ₹8,364.28 करोड़ दर्ज किया गया।

चौथी तिमाही में कंपनी ने मजबूत ग्रोथ दिखाई। कंसॉलिडेटेड PAT बढ़कर ₹664.03 करोड़ पहुंच गया। रेवेन्यू ₹3,355.97 करोड़ रहा। सालाना आधार पर रेवेन्यू में 32 प्रतिशत और PAT में 204 प्रतिशत की जोरदार बढ़ोतरी दर्ज की गई।

एसेट क्वालिटी भी मजबूत

Muthoot FinCorp की एसेट क्वालिटी भी बेहतर रही। GNPA 1.03 प्रतिशत और NNPA 0.57 प्रतिशत रहा। वहीं ROA बढ़कर 4.16 प्रतिशत पहुंच गया, जो 121 बेसिस पॉइंट्स की बढ़त को दिखाता है।

मैनेजमेंट ने क्या कहा

Muthoot FinCorp के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर थॉमस जॉन ने कहा कि कंपनी का फोकस जिम्मेदार तरीके से कारोबार बढ़ाने, टेक्नोलॉजी अपनाने और ज्यादा लोगों तक भरोसेमंद वित्तीय सेवाएं पहुंचाने पर बना हुआ है।

उन्होंने ग्राहकों, निवेशकों, रेगुलेटर्स और कर्मचारियों का लगातार समर्थन और भरोसे के लिए आभार भी जताया।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।