Netweb Technologies IPO: 27 जुलाई को लिस्टिंग पर बंपर मुनाफे की उम्मीद, जानिए क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स

Netweb Technologies IPO : एक्सपर्ट्स का कहना है कि इसके निवेशकों को लिस्टिंग बंपर मुनाफा हो सकता है। मजबूत सब्सक्रिप्शन नंबर, बेहतर ऑपरेटिंग मार्जिन के साथ हेल्दी फाइनेंशियल और हाई-एंड कंप्यूटिंग सॉल्यूशन के विशेष बिजनेस सेगमेंट पर फोकस के चलते मजबूत लिस्टिंग की उम्मीद की जा रही है

अपडेटेड Jul 27, 2023 पर 12:24 AM
Netweb Technologies के शेयरों की लिस्टिंग कल यानी 27 जुलाई को होने वाली है।

Netweb Technologies IPO : नेटवेब टेक्नोलॉजीज इंडिया के शेयरों की लिस्टिंग कल यानी 27 जुलाई को होने वाली है। इस आईपीओ को निवेशकों की शानदार प्रतिक्रिया मिली और अंतिम दिन तक यह इश्यू 90.36 गुना सब्सक्राइब हो गया। एक्सपर्ट्स का कहना है कि इसके निवेशकों को लिस्टिंग बंपर मुनाफा हो सकता है। मजबूत सब्सक्रिप्शन नंबर, बेहतर ऑपरेटिंग मार्जिन के साथ हेल्दी फाइनेंशियल और हाई-एंड कंप्यूटिंग सॉल्यूशन के विशेष बिजनेस सेगमेंट पर फोकस के चलते मजबूत लिस्टिंग की उम्मीद की जा रही है। इसके अलावा, आईपीओ को लेकर ग्रे मार्केट से भी बेहतर संकेत मिल रहे हैं।

90.36 गुना सब्सक्राइब हुआ इश्यू

Netweb Technologies के आईपीओ में निवेशकों ने जमकर दांव लगाया है। यह इश्यू 17-19 जुलाई के दौरान 90.36 गुना सब्सक्राइब हुआ है। इसके तहत क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए रिजर्व हिस्से को 228.91 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। वहीं, नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) के हिस्से को 81.81 गुना और रिटेल इन्वेस्टर्स के हिस्से को 19.15 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है।


एक्सपर्ट्स की राय

स्टॉक्सबॉक्स के रिसर्च एनालिस्ट ध्रुव मुदारड्डी ने कहा, "नेटवेब टेक्नोलॉजीज आईपीओ को 90 गुना सब्सक्राइब होने के साथ हमें कल शेयर बाजारों में इश्यू की मजबूत लिस्टिंग की उम्मीद है। शेयर 500 रुपये प्रति शेयर के इश्यू प्राइस से 70 फीसदी अधिक प्रीमियम पर लिस्ट होने की संभावना है।"

एक्सपर्ट्स का कहना है कि हाई-एंड कंप्यूटिंग सॉल्यूशंस (HCS) बिजनेस पर कंपनी के खास फोकस से कंपनी को सपोर्ट मिला है। अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को बढ़ाने और मौजूदा वर्टिकल में अपनी मौजूदगी का विस्तार करने के लिए रिसर्च और डेवलपमेंट पर कंपनी के जोर ने भी सेंटीमेंट को बेहतर किया है। इसके अलावा, कंपनी ने मार्जिन प्रोफाइल में लगातार सुधार के साथ वित्त वर्ष FY21-23 की अवधि के दौरान राजस्व में लगभग 3 गुना वृद्धि और प्रॉफिट में लगभग 6 गुना उछाल देखा है।

स्वास्तिका इन्वेस्टमार्ट के इक्विटी रिसर्च एनालिस्ट अनुभूति मिश्रा ने कहा, "ग्रे मार्केट प्रीमियम से पता चलता है कि लिस्टिंग मूल्य लगभग 894 रुपये हो सकता है, जो आईपीओ मूल्य 500 रुपये प्रति शेयर से लगभग 78 फीसदी अधिक है।" उन्होंने आगे कहा कि यह प्रीमियम उचित है क्योंकि नेटवेब भारत में हाई-एंड कंप्यूटिंग सॉल्यूशन का लीडिंग प्रोवाइडर है। कंपनी के पास एक मजबूत ऑर्डर बुक है जो FY21 में 48.56 करोड़ रुपये से बढ़कर FY23 में 90.2 करोड़ रुपये हो गई है।

हेम सिक्योरिटीज की सीनियर रिसर्च एनालिस्ट आस्था जैन भी इश्यू प्राइस से 85 फीसदी प्रीमियम पर नेटवेब की मजबूत लिस्टिंग की उम्मीद कर रही हैं। नेटवेब टेक्नोलॉजीज ने पिछले हफ्ते पब्लिक इश्यू के जरिए 631 करोड़ रुपये जुटाए। ऑफर के लिए प्राइस बैंड 475-500 रुपये प्रति शेयर था।

कंपनी के बारे में

नेटवेब टेक्नोलॉजीज इंडिया HCS (हाई-एंड कंप्यूटिंग सॉल्यूशंस) के क्षेत्र में भारत की लीडिंग OEM में से एक है। इसकी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी हरियाणा के फ़रीदाबाद में है। कंपनी सुपरकंप्यूटिंग सिस्टम, प्राइवेट क्लाउड और HCI (हाइपर-कन्वर्ज्ड इंफ्रास्ट्रक्चर), डेटा सेंटर सर्वर, एआई सिस्टम और एंटरप्राइज वर्कस्टेशन और HPS सॉल्यूशंस प्रोवाइड करती है। कंपनी भारत में स्थित कई इंडियन और मल्टीनेशनल कस्टमर्स को सर्विस देती है। इसने हाल ही में नई प्रोडक्ट लाइन - नेटवर्क स्विच और 5G ORAN अप्लायंस डेवलप करने में कदम रखा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।