Netweb Tech IPO : 17 जुलाई को खुलने वाला है 631 करोड़ का इश्यू, निवेश करें या नहीं? रिस्क फैक्टर्स, GMP समेत तमाम डिटेल

ग्रे मार्केट में Netweb Tech के IPO की जबरदस्त डिमांड है। यह इश्यू आज अनलिस्टेड मार्केट में 380 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इसका मतलब है कि कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 880 रुपये के भाव पर होने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को 76 फीसदी का बंपर मुनाफा होगा

अपडेटेड Jul 16, 2023 पर 9:02 PM
Story continues below Advertisement
नेटवेब टेक्नोलॉजीज इंडिया लिमिटेड (Netweb Technologies India) का आईपीओ कल यानी 17 जुलाई को खुलने वाला है।

Netweb Tech IPO : सर्वर बनाने वाली कंपनी नेटवेब टेक्नोलॉजीज इंडिया लिमिटेड (Netweb Technologies India) का आईपीओ कल यानी 17 जुलाई को खुलने वाला है। Senco Gold और उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के बाद यह इस महीने का तीसरा आईपीओ होगा। इस आईपीओ में निवेशक 19 जुलाई तक निवेश कर सकेंगे। कंपनी ने इश्यू के लिए 475-500 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है। इस आईपीओ के जरिए कंपनी 631 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इसके तहत 206 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, प्रमोटरों द्वारा 425 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी।

आईपीओ से जुड़ी डिटेल

संजय लोढ़ा, नवीन लोढ़ा, विवेक लोढ़ा, नीरज लोढ़ा और अशोक बजाज ऑटोमोबाइल्स LLP प्रमोटर सेलिंग शेयरहोल्डर हैं। इस ऑफर में पात्र कर्मचारियों के लिए 20,000 इक्विटी शेयर रिजर्व किए गए हैं। कर्मचारी इन शेयरों को फाइनल इश्यू प्राइस पर 25 रुपये प्रति शेयर के डिस्काउंट पर खरीद सकेंगे।


कंपनी ने अपने पब्लिक इश्यू के खुलने से पहले ही 14 जुलाई को एंकर निवेशकों से 189.01 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। इसके साथ ही नेटवेब ने 500 रुपये प्रति शेयर की दर से 10.2 लाख शेयरों के प्राइवेट प्लेसमेंट (प्री-आईपीओ प्लेसमेंट) के माध्यम से 51 करोड़ रुपये जुटाए है। इससे नए इश्यू का आकार पहले के 257 करोड़ रुपये से घटाकर 206 करोड़ रुपये हो गया है।

कम से कम 15000 रुपये का करना होगा निवेश

निवेशक कम से कम 30 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद 30 शेयरों के मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। इसका मतलब है कि रिटेल निवेशकों को कम से कम 15,000 रुपये प्रति लॉट (500 रुपये प्रति शेयर x 30 शेयर) का निवेश करना होगा। वहीं, अधिकतम 1.95 लाख रुपये (13 लॉट) का निवेश किया जा सकेगा।

ऑफर साइज का आधा हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (एंकर बुक सहित) के लिए, 15 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल) के लिए और शेष 35 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है।

ये हैं रिस्क फैक्टर्स

1. कंपनी ने अपने फॉरेन करेंसी एक्सपोजर के संबंध में हेजिंग ट्रांजेक्शन में प्रवेश नहीं किया है।

2. वित्तीय वर्ष 2023, 2022 और 2021 में कंपनी का कैपिसिटी यूटिलाइजेशन कम था।

3. यह अपने राजस्व का अधिकांश हिस्सा अपनी कुछ चुनिंदा HCS ऑफरिंग के ऑपरेशन से हासिल करता है।

4. कंपनी को वर्किंग कैपिटल की बहुत जरूरत है और अगर वह पर्याप्त वर्किंग कैपिटल नहीं जुटा पाती है तो उसके ऑपरेशन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।

5. कंपनी का बिजनेस ऑपरेशन उसके टॉप 10 कस्टमर्स पर बहुत अधिक निर्भर है।

6. यह अपने अधिकांश राजस्व के लिए कुछ एप्लिकेशन इंडस्ट्रीज पर निर्भर है। इन एप्लिकेशन इंडस्ट्रीज में कस्टमर्स कम होने पर इसके बिजनेस पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

ग्रे मार्केट का हाल

ग्रे मार्केट में Netweb Tech के आईपीओ की जबरदस्त डिमांड है। यह इश्यू आज अनलिस्टेड मार्केट में 380 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इसका मतलब है कि कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 880 रुपये के भाव पर होने की संभावना है जबकि इसका अपर प्राइस बैंड 500 रुपये है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को 76 फीसदी का बंपर मुनाफा होगा।

कंपनी के बारे में

नेटवेब टेक्नोलॉजीज इंडिया HCS (हाई-एंड कंप्यूटिंग सॉल्यूशंस) के क्षेत्र में भारत की लीडिंग OEM में से एक है। इसकी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी हरियाणा के फ़रीदाबाद में है। कंपनी सुपरकंप्यूटिंग सिस्टम, प्राइवेट क्लाउड और HCI (हाइपर-कन्वर्ज्ड इंफ्रास्ट्रक्चर), डेटा सेंटर सर्वर, एआई सिस्टम और एंटरप्राइज वर्कस्टेशन और HPS सॉल्यूशंस प्रोवाइड करती है। कंपनी भारत में स्थित कई इंडियन और मल्टीनेशनल कस्टमर्स को सर्विस देती है। इसने हाल ही में नई प्रोडक्ट लाइन - नेटवर्क स्विच और 5G ORAN अप्लायंस डेवलप करने में कदम रखा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।