Raajmarg Infra Investment Trust IPO: भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा स्पॉन्सर्ड राजमार्ग इंफ्रा इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट (RIIT) का आईपीओ आज से खुल गया है। अपना आईपीओ के खुलने से ठीक पहले कंपनी ने एंकर निवेशकों से ₹1,728 करोड़ जुटा लिए हैं। यह NHAI के एसेट मोनेटाइजेशन कार्यक्रम का एक ऐतिहासिक पड़ाव है, क्योंकि पहली बार आम रिटेल निवेशकों को इसमें हिस्सा लेने का मौका मिल रहा है।
दिग्गज निवेशकों का मिला साथ
BSE के सर्कुलर के अनुसार, राजमार्ग इंफ्रा InvIT ने एंकर निवेशकों को ₹100 प्रति यूनिट के भाव पर 17.28 करोड़ यूनिट्स आवंटित की हैं। LIC, ICICI प्रूडेंशियल लाइफ, कोटक महिंद्रा लाइफ और बजाज लाइफ इंश्योरेंस जैसे बड़े नाम इसमें शामिल हैं। HDFC, निप्पॉन इंडिया, एक्सिस और आदित्य बिड़ला सन लाइफ जैसे फंड हाउसेस ने भी एंकर बुक में हिस्सा लिया। इसके साथ ही इंडियन ऑयल, SEBI कर्मचारी और महाराष्ट्र राज्य विद्युत बोर्ड के भविष्य निधि फंडों से भी निवेश प्राप्त हुआ है।
क्या है राजमार्ग इंफ्रा InvIT के पोर्टफोलियो में?
यह ट्रस्ट झारखंड, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और कर्नाटक में स्थित 5 टोल सड़कों का प्रबंधन करेगा। ये सड़कें 260 किलोमीटर से अधिक लंबी हैं। ये पांचों टोल रोड देश के महत्वपूर्ण 'स्वर्णिम चतुर्भुज' प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं। यह 'टोल-ऑपरेट-ट्रांसफर' (TOT) मॉडल पर आधारित है, जिसका प्रबंधन 'राजमार्ग इंफ्रा इन्वेस्टमेंट मैनेजर्स' (RIIMPL) द्वारा किया जा रहा है।
इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश का नया मौका
इस पहल का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग संपत्तियों की क्षमता का लाभ उठाना और रिटेल व घरेलू निवेशकों के लिए एक सुरक्षित, दीर्घकालिक निवेश विकल्प तैयार करना है। SBI, PNB और HDFC जैसे प्रमुख बैंकों की साझेदारी इस प्रोजेक्ट को और भी विश्वसनीय बनाती है। एक्सपर्ट्स के अनुसार यह आम जनता के लिए देश के बुनियादी ढांचे के विकास में सीधे भागीदार बनने का एक सुनहरा मौका है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।