NSDL IPO : देश की पहली डिपॉजिटरी सर्विसेज कंपनी नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरी लिमिटेड (National Securities Depository Limited) यानी एनएसडीएल अपने IPO के लॉन्च की तैयारियों के लिए एडवाइजर्स के रूप में 7 इनवेस्टमेंट बैंकों का चयन कर सकती है। आईडीबीआई बैंक (IDBI Bank) और एनएसई (NSE) के निवेश वाली कंपनी 2023 में अपना आईपीओ लॉन्च करने की योजना पर काम कर रही है। इस घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले कई सूत्रों ने मनीकंट्रोल को यह जानकारी दी है।
लिस्ट होने वाली दूसरी डिपॉजिटरी कंपनी बन जाएगी
अगर लिस्टिंग की योजना सफल रहती है तो एनएसडीएल घरेलू बाजारों में लिस्ट होने वाली दूसरी डिपॉजिटरी सर्विसेज कंपनी होगी। इससे पहले सीडीएसएल (Central Depository Services Limited) 2017 में शेयर बाजार में लिस्ट हुई थी।
एक सूत्र ने कहा, “कई बैंकों ने इस डील के लिए संपर्क किया है और एनएसडीएल के ICICI Securities, Axis Capital, HSBC Securities, Motilal Oswal Investment Advisors, SBI Capital, HDFC Bank और IDBI Capital के साथ आगे बढ़ने की संभावना है।”
कैश रिच कंपनी है एनएसडीएल
एक अन्य सूत्र ने कहा कि एनएसडीएल कैश रिच कंपनी है और प्रस्तावित आईपीओ के काफी हद तक कई इनवेस्टर्स के हिस्सेदारी बेचने के साथ OFS (ऑफर फॉर सेल) होने की संभावना है। एनएसडीएल ने डिमैटेरिलाइज फॉर्म में सिक्योरिटीज की होल्डिंग और ट्रांसफर की सुविधा देकर भारतीय सिक्योरिटीज मार्केट के कायाकल्प में अहम भूमिका निभाई है। इस सूत्र ने कहा, ICICI Securities इस डील के लिए होड़ में सबसे आगे है। आईडीबीआई बैंक, एनएसई और अन्य के इस ओएफएस में भाग लेने और हिस्सेदारी कम करने की संभावनाएं हैं।
जानिए किसकी कितनी है हिस्सेदारी
30 जून, 2022 तक IDBI Bank की एनएसडीएल में 26.1 फीसदी और एनएसई की 24 फीसदी हिस्सेदारी है। अन्य शेयरहोल्डर्स में एचडीएफसी बैंक (9.95 फीसदी), एसबीआई (5 फीसदी), डॉयचे बैंक एजी (5 फीसदी) और सिटी बैंक, एचएसबीसी और स्टैंडर्ड चार्टर्ड बैंक (तीनों की बराबर 3.13 फीसदी) शामिल हैं। Specified Undertaking Of The Unit Trust Of India (SUUTI) के जरिये सरकार की भी इसमें 6.83 फीसदी हिस्सेदारी है।