NSE IPO: नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का बहुप्रतीक्षित IPO अब अगले चरण में पहुंचता दिख रहा है। CNBC-TV18 ने सूत्रों के हवाले से बताया कि NSE इस हफ्ते अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल कर सकता है। माना जा रहा है कि इसकी वैल्यूएशन 5 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो सकती है।
DRHP को अंतिम रूप देने की तैयारी
सूत्रों का कहना है कि DRHP को सोमवार शाम तक अंतिम रूप दिया जा सकता है। इसके बाद एक्सचेंज का बोर्ड बैठक करेगा और DRHP फाइल करने की मंजूरी देगा।
DRHP किसी भी IPO की प्रक्रिया का अहम हिस्सा होता है। इसमें कंपनी अपने कारोबार, वित्तीय स्थिति और इश्यू से जुड़ी जानकारी निवेशकों के सामने रखती है।
कितनी हो सकती है वैल्यूएशन?
सूत्रों के मुताबिक NSE के IPO की वैल्यूएशन 5 लाख करोड़ रुपये से 5.25 लाख करोड़ रुपये के बीच रह सकती है। अगर ऐसा होता है तो यह भारत के सबसे बड़े और चर्चित IPO में से एक होगा। बाजार की नजर लंबे समय से NSE की लिस्टिंग पर बनी हुई है।
NSE इस साल नवंबर तक शेयर बाजार में लिस्ट होने की तैयारी कर रहा है। योजना यह है कि नवरात्रि और दिवाली के बीच लिस्टिंग कराई जाए। इससे पहले कंपनी निवेशकों के लिए रोडशो भी आयोजित करेगी, ताकि इश्यू को लेकर दिलचस्पी बढ़ाई जा सके।
IPO में कितनी हिस्सेदारी बिकेगी?
CNBC-TV18 की पहले की रिपोर्ट के मुताबिक NSE अपने IPO में ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए 4% से 5% हिस्सेदारी बेचने पर विचार कर रहा है। इश्यू का आकार 20,000 करोड़ रुपये से ज्यादा हो सकता है। अगर ऐसा होता है तो यह देश के सबसे बड़े पब्लिक इश्यू में शामिल हो जाएगा।
NSE ने IPO के लिए 20 मर्चेंट बैंकर नियुक्त किए हैं। किसी भारतीय IPO के लिए यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या मानी जा रही है। इसके अलावा रेगुलेटरी मंजूरियों, दस्तावेजी प्रक्रिया और कम्प्लायंस से जुड़े काम के लिए 8 लॉ फर्म्स को भी नियुक्त किया गया है।
CNBC-TV18 के सवालों के जवाब में NSE ने कहा कि सेबी से NOC मिलने के बाद 6 फरवरी 2026 को कंपनी के बोर्ड ने ऑफर फॉर सेल के जरिए IPO लाने को मंजूरी दे दी थी।
कंपनी ने फिलहाल इतना ही कहा है और इस समय इससे ज्यादा टिप्पणी करने से इनकार किया है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।