Ola Electric IPO: ओला इलेक्ट्रिक का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए अगले महीने खुलने वाला है। इस आईपीओ के लिए प्राइस बैंड फिक्स हो चुका है। खास बात ये है कि इस आईपीओ के लिए जो प्राइस बैंड तय किया गया है, वह कुछ निवेशकों के लिए बड़ा झटका है तो कुछ निवेशकों के लिए चीयर्स का। ऐसा इसलिए क्योंकि आईपीओ से पहले जिन निवेकों ने ओला इलेक्ट्रिक में पैसे लगाएं हैं, उसमें से कुछ ने प्राइस बैंड से काफी ऊपर भाव पर इसके शेयर खरीदे हैं तो दूसरी तरफ टाइगर ग्लोबल और मैट्रिक्स पार्टनर्स का निवेश कई गुना बढ़ गया। भाविश अग्रवाल की ओला इलेक्ट्रिक ने 6,145.56 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए 72-76 रुपये का प्राइस बैंड फिक्स किया है।
किन निवेशकों ने महंगे भाव पर खरीदे हैं शेयर?
Alpine Opportunity Fund VI LP ने ओला इलेक्ट्रिक के शेयर 111.51 रुपये और Tekne Private Ventures XV ने 113.12 रुपये के औसत भाव पर खरीदे थे। इसका मतलब हुआ कि आईपीओ के अपर प्राइस बैंड के हिसाब से इन्हें 30 फीसदी से अधिक घाटा दिख रहा है। अल्पाइन के पास अभी इसके 2.14 करोड़ शेयर हैं जबकि टेक्ने के पास 3.63 करोड़ शेयर। ये दोनों ही फंड्स ओला इलेक्ट्रिक के आईपीओ के तहत शेयर बेच रहे हैं यानी कि इन्हें घाटे में शेयर बेचना पडे़गा। फिलहाल अल्पाइन की होल्डिंग वैल्यू 238 करोड़ रुपये (औसतन खरीद प्राइस के हिसाब से) से घटकर 163 करोड़ रुपये (आईपीओ के अपर प्राइस बैंड के हिसाब से) और टेक्ने की होल्डिंग वैल्यू 410 करोड़ रुपये से घटकर 276 करोड़ रुपये पर आ गई है।
ये निवेशक 50% से कम या मामूली फायदे में
टेमासेक के निवेश वाली MacRitchie Investments Pte ने ओला इलेक्ट्रिक के शेयर 75.11 रुपये के औसत भाव पर खरीदे थे यानी कि इसे लगभग फ्लैट रिटर्न मिलेगा। इसके पास कंपनी के 4.60 करोड़ शेयर हैं जो कंपनी की 1.25 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है। Ashna Advisors LLP ने इसके 6.01 लाख शेयर 71.15 रुपये के औसत भाव पर खरीदे जो कंपनी की 0.02 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है यानी कि इसे करीब 7 फीसदी रिटर्न मिलेगा।
Alpha Wave Ventures II LP को 22 फीसदी और SVF II Ostrich DE LLC को 48 फीसदी का रिटर्न मिलेगा। अल्फा वेव वेंचर्स ने 3.49 फीसदी हिस्सेदारी यानी 1.28 करोड़ शेयर 62.38 रुपये के भाव पर खरीदे थे। वहीं सॉफ्टबैंक की इकाई SVF II Ostrich DE LLC ने 21.98 फीसदी हिस्सेदारी यानी 81.94 करोड़ शेयर 51.37 रुपये के भाव पर खरीदे थे।
कौन-कौन निवेशक हैं बंपर फायदे में?
टाइगर ग्लोबल की Internet Fund III Pte Ltd को शेयरों की बिक्री पर 550 फीसदी और Matrix Partners India Investments III को 824 फीसदी का मुनाफा मिलेगा। इंटरनेट फंड ने इसके 22.24 करोड़ शेयर (6.03 फीसदी हिस्सेदारी) महज 11.7 रुपये और मैट्रिक्स पार्टनर्स ने 122.6 करोड़ शेयर (3.43 फीसदी हिस्सेदारी) 8.22 रुपये के के औसत भाव पर खरीदे थे। कंपनी के प्रमोटर भाविश अग्रवाल के पास इसके 136 करोड़ शेयर (36.94 फीसदी हिस्सेदारी) हैं और प्राइस बैंक के हिसाब से इसकी वैल्यू करीब 10,350 करोड़ रुपये है। उन्हें इसके शेयर मामूली भाव पर मिले हैं।
25% कम वैल्यू पर आ रहा Ola Electric IPO
आईपीओ के अपर प्राइस बैंड के हिसाब से ओला इलेक्ट्रिक का मार्केट कैप करीब 400 करोड़ डॉलर बैठ रहा है। यह सितंबर 2023 में इसके 540 करोड़ डॉलर के वैल्यूएशन से 25.8 फीसदी कम है। कम वैल्यूएशन की वजह ये है कि वैश्विक स्तर पर टेक कंपनियों के वैल्यूएशन में गिरावट है। यह आईपीओ ऐसे समय में आ रहा है, जब स्टॉक मार्केट रिकॉर्ड हाई पर है।