Ola Electric IPO: ओला इलेक्ट्रिक अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लाने के लिए इसी महीने मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास आवेदन जमा कर सकती है। CNBC-TV18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी इसी 20 दिसंबर तक आईपीओ के लिए ड्राफ्ट पेपर जमा करने की तैयारी में है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कंपनी का आईपीओ साइज करीब 70 करोड़ डॉलर (करीब 5,800 करोड़ रुपये) का हो सकता है। जानकारी के मुताबिक ओला इलेक्ट्रिक करीब 7-8 के वैल्यूएशन पर यह आईपीओ लाने की तैयार कर रही है। IPO के जरिए जुटाई गई रकम का इस्तेमाल कंपनी के इलेक्ट्रिक व्हीकल बिजनेस के विस्तार और लिथियम ऑयन बैटरी के लिए एक प्लांट लगाने में किया जाएगा।
ओला इलेक्ट्रिक में जापान की दिग्गज इनवेस्टमेंट फर्म सॉफ्टबैंक (SoftBank) का भी निवेश है। ओला इलेक्ट्रिक हाल में अपने सेल्स टारगेट में करीब 50% की कटौती को लेकर सुर्खियों में रही थी। रिपोर्टों के मुताबिक, ओला इलेक्ट्रिक ने कथित तौर पर 2023-2025 की अवधि के लिए अपने सेल्स टारगेट को 50% से अधिक कम कर दिया है। साथ ही कंपनी ने मुनाफे में आने के लक्ष्य को भी एक साल के लिए बढ़ा दिया है।
कंपनी के इस फैसले के पीछे सरकार की ओर से इनसेंटिव्स में कमी को मुख्य वजह बताया था। इनसेंटिव्स में कटौती के कारण ई-स्कूटर्स की कीमतों में इजाफा हुआ है। कंपनी ने मौजूदा वित्त वर्ष के लिए अपने रेवेन्यू टारगेट को कम करके अब 59.1 करोड़ डॉलर कक दिया है। यह 1.55 अरब डॉलर के शुरुआती लक्ष्य से करीब 60% कम है।
Ola Electric ने बीते 17 नवंबर को खुद को एक पब्लिक कंपनी के रूप में बदल लिया। इसे आईपीओ के लिहाज से एक अहम कदम माना जा रहा है। कंपनी ने अपने कॉरपोरेट रिस्ट्रक्चरिंग में बदलाव किया है और इसके चलते अब इसका नाम भी ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी प्राइवेट लिमिटेड से बदलकर ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी लिमिटेड हो गया है। शेयर बाजार में खुद को सूचीबद्ध करने की इच्छा रखने वाली कंपनियों के लिए खुद को प्राइवेट लिमिटेड कंपनी से एक पब्लिक कंपनी में बगदना, एक जरूरी प्रक्रिया होती है।
मनीकंट्रोल ने इससे पहले एक रिपोर्ट में बताया था कि ओला इलेक्ट्रिक 2024 की शुरुआत में आईपीओ लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने इसके लिए कोटक महिंद्रा कैपिटल और गोल्डमैन सैक्स को एडवाइजर के तौर पर हायर किया है। उस समय, सूत्रों ने कहा कि कंपनी के आईपीओ में नए शेयरों के अलावा मौजूदा शेयरधारकों की ओर से शेयर बिक्री के लिए रखे जाएंगे।