ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म On Door Concepts का IPO, 27 अक्टूबर को आखिरी दिन 5.25 गुना सब्सक्राइब होकर बंद हुआ। ऑफर के तहत रखे गए 14.98 लाख शेयरों के एवज में निवेशकों की ओर से 78.71 लाख शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। यह SME IPO 23 अक्टूबर को खुला था। इश्यू को रिटेल इन्वेस्टर्स की ओर से सबसे ज्यादा रिस्पॉन्स मिला। रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 7.86 गुना सब्सक्राइब हुआ। वहीं हाई नेटवर्थ वाले लोगों के लिए रिजर्व हिस्सा 3.3 गुना सब्सक्राइब हुआ।
On Door Concepts, ग्रॉसरी और घर की जरूरत की चीजों के लिए एक ओम्नी-चैनल रिटेलर है। आईपीओ का साइज 31.18 करोड़ रुपये का था। प्राइस बैंड 208 रुपये प्रति शेयर पर फिक्स था। कंपनी ने इश्यू के तहत मार्केट मेकर के लिए 86,400 शेयर रिजर्व रखे थे। बाकी 14,12,400 शेयर नेट इश्यू के लिए थे। 7,06,200 शेयर रिटेल और हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल्स के लिए अलग रखे गए थे। बोली लगाने के लिए लॉट साइज 600 शेयरों का था।
कहां करेगी IPO के पैसों का इस्तेमाल
कंपनी का कहना है कि वह नेट इश्यू से आए पैसों में से 20.43 करोड़ रुपये का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए करेगी। बाकी 7.24 करोड़ रुपये का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। On Door Concepts ने जनवरी 2015 में भोपाल में अपना पहला स्टोर खोला था। शेयरों का अलॉटमेंट 1 नवंबर को और NSE SME प्लेटफॉर्म पर लिस्टिंग 6 नवंबर को हो सकती है।
Maitreya Medicare, KK Shah Hospitals और Shanthala FMCG Products के इश्यू का स्टेटस
इन तीनों कंपनियों के पब्लिक इश्यू 27 अक्टूबर को खुले। सूरत की मल्टीस्पेशिएलिटी हॉस्पिटल चेन Maitreya Medicare के IPO को बेहद अच्छा रिस्पॉन्स मिला और यह पहले दिन ही 21.4 गुना सब्सक्राइब हो गया। निवेशकों ने ऑफर के तहत रखे गए 13.21 लाख शेयरों के एवज में 2.82 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां लगाईं। रिटेल निवेशकों के लिए रिजर्व हिस्सा 32.41 गुना, हाई नेटवर्थ वाले लोगों के लिए रिजर्व हिस्सा 19.94 गुना और क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 10.6 गुना सब्सक्राइब हुआ। कंपनी आईपीओ के अपर प्राइस बैंड पर 14.89 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। प्राइस बैंड 78-82 रुपये प्रति शेयर है और आईपीओ 1 नवंबर को बंद होगा।
कर्नाटक की FMCG प्रोडक्ट डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी Shanthala FMCG Products का इश्यू पहले दिन 1.36 गुना सब्सक्राइब हुआ। ऑफर के तहत रखे गए 17.66 लाख शेयरों के एवज में 24.07 लाख शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। हाई नेटवर्थ इंडीविजुअल्स के लिए रिजर्व हिस्सा 2.09 गुना सब्सक्राइब हुआ, वहीं रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्से को 77 प्रतिशत सब्सक्रिप्शन मिला। कंपनी का मकसद इश्यू से 16.07 करोड़ रुपये जुटाने का है। प्राइस बैंड 91 रुपये प्रति शेयर पर फिक्स है। आईपीओ 31 अक्टूबर को बंद होगा।
KK Shah Hospitals का IPO पहले दिन ही 1.41 गुना सब्सक्राइब हो गया। ऑफर के तहत रखे गए 19.5 लाख शेयरों के एवज में 27.6 लाख शेयरों के लिए बोलियां मिलीं। नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 1.99 गुना और रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व हिस्सा 99.67 प्रतिशत सब्सक्राइब हुआ। कंपनी का मकसद इश्यू से 8.78 करोड़ रुपये जुटाना है। प्राइस बैंड 45 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। आईपीओ 31 अक्टूबर को बंद होगा।