Oriana Power SME IPO : नोएडा स्थित स्टार्ट-अप कंपनी Oriana Power जुलाई के अंत या अगस्त की शुरुआत में अपना आईपीओ लाने जा रही है। यह कंपनी सोलर एनर्जी सॉल्यूशन प्रोवाइड करती है। उम्मीद की जा रही है कि कंपनी इस SME पब्लिक ऑफर के जरिए 60 करोड़ रुपये तक जुटाएगी। Oriana Power ने आईपीओ से पहले जाने-माने निवेशकों से निवेश हासिल करने के बाद पहले ही बाजार में हलचल पैदा कर दी है। बता दें कि इस कंपनी में जाने-माने इक्विटी निवेशक अनिल कुमार गोयल का भी निवेश है।
इसके अलावा, इस स्टार्टअप कंपनी में प्रशांत जैन का भी निवेश है। जैन 27 वर्षों से अधिक समय से JSW Group के साथ जुड़े हुए हैं। वे वर्तमान में JSW Energy में ज्वाइंट MD और CEO हैं। कंपनी द्वारा साझा किए गए एक प्रेजेंटेशन में बताया गया कि Meru Cabs के फाउंडर नीरज गुप्ता इसके प्रमुख निवेशकों में से एक हैं।
गुप्ता ने कहा कि आईपीओ से प्राप्त फंड का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए, टेक्नोलॉजी अपग्रेडेशन के लिए और एसेट बिल्डिंग के लिए किया जाएगा। ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के अनुसार, प्रमोटरों की हिस्सेदारी वर्तमान में 83.40 फीसदी है। आईपीओ के बाद कंपनी में उनकी हिस्सेदारी घटकर 61.40 रह जाएगी। वर्तमान में, ओरियाना के पास पूरे भारत में 100 MWp कैपिसिटी से अधिक ऑपरेशनल और अंडर-कंस्ट्रक्शन प्रोजेक्ट्स का पोर्टफोलियो है।
Oriana Power के को-फाउंडर पहली जनरेशन के उद्यमी रूपल गुप्ता, परवीन जांगड़ा और अनिरुद्ध सारस्वत हैं। इसकी शुरुआत 2017 में हुई थी। ओरियाना पावर ऑन-साइट सोलर इंस्टॉलेशन (छत और जमीन पर) और ऑफसाइट सोलर फॉर्म के माध्यम से ग्राहकों को लो-कार्बन एनर्जी सॉल्यूशन प्रदान करता है।
31 मार्च 2023 को समाप्त वर्ष में Oriana Power का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 137.31 करोड़ रुपये है, जो एक साल पहले के 124.97 करोड़ रुपये के मुकाबले 9.87 फीसदी अधिक है। कंपनी का कंसोलिडेटेड प्रॉफिट ऑफ्टर टैक्स 6.94 करोड़ रुपये से बढ़कर 10.93 करोड़ रुपये हो गया। यानी इसमें सालाना आधार पर 57.49 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। कंपनी ने हाल ही में TrueRE को अपने कॉर्पोरेट ब्रांड के रूप में पेश किया है।