ओरिएंट केबल्स का ₹552 करोड़ का IPO 25 सितंंबर से खुल रहा है। इसमें ₹320 करोड़ के 1.18 करोड़ नए शेयर जारी होंगे। साथ ही ₹232 करोड़ के 85.29 लाख शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा। OFS में कंपनी के प्रमोटर विपुल नागपाल, गरिमा नागपाल, विपुल फैमिली ट्रस्ट और गरिमा फैमिली ट्रस्ट शेयरों को बिक्री के लिए रखेंगे। IPO के लिए प्राइस बैंड ₹258-₹272 प्रति शेयर है। लॉट साइज 55 शेयर है। एंकर निवेशक 24 सितंबर को बोली लगा सकेंगे।
इश्यू की क्लोजिंग 29 सितंबर को होगी, जिसके बाद अलॉटमेंट 30 सितंबर को फाइनल हो सकता है। कंपनी के शेयर NSE और BSE पर 5 अक्टूबर को लिस्ट होने की उम्मीद है। IPO के लिए IIFL कैपिटल सर्विसेज लिमिटेड और JM फाइनेंशियल लिमिटेड बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं। रजिस्ट्रार Kfin Technologies Ltd है।
क्या बनाती है Orient Cables
ओरिएंट केबल्स (इंडिया) लिमिटेड नेटवर्किंग केबल और पैसिव नेटवर्किंग इक्विपमेंट बनाती है। कंपनी ब्रॉडबैंड, टेलीकम्युनिकेशंस, डेटा सेंटर, रिन्यूएबल एनर्जी, स्मार्ट बिल्डिंग ऑटोमेशन और सिक्योरिटी, सिस्टम इंटीग्रेशन, FMEG और ऑटोमोटिव जैसे कई सेक्टर्स में सेवाएं देती है। इसके प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में CAT5, CAT5e, CAT6 और CAT6A नेटवर्किंग केबल, पैच कॉर्ड, CCTV और कोएक्सियल केबल, इंस्ट्रूमेंटेशन और कंट्रोल केबल, पावर केबल, ऑप्टिकल फाइबर केबल, फाइबर पैच कॉर्ड, कीस्टोन जैक, पावर स्ट्रिप और पावर कॉर्ड शामिल हैं।
कंपनी ग्राहकों की जरूरतों के हिसाब से कस्टमाइज्ड प्रोडक्ट भी बनाती है। कंपनी ने अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो को बढ़ाते हुए E-बीम इरेडिएटेड स्पेशिएलिटी केबल, सोलर जंक्शन बॉक्स, टेथर्ड ड्रोन सिस्टम, केबल हार्नेस, पावर कॉर्ड और EV चार्जिंग केबल व गन को भी शामिल किया है।
IPO में कितना हिस्सा रिजर्व
IPO में 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 5 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है। कंपनी अपने IPO में नए शेयरों को जारी कर हासिल होने वाले पैसों का इस्तेमाल मशीनरी, इक्विपमेंट की खरीद और मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटीज में सिविल वर्क्स के लिए, कर्ज चुकाने के लिए और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी।
Orient Cables (India) का रेवेन्यू अप्रैल-जून 2026 तिमाही में ₹490.94 करोड़ और शुद्ध मुनाफा ₹32.78 करोड़ रहा। इस बीच कंपनी पर ₹258.46 करोड़ की उधारी थी। वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी का रेवेन्यू 42 प्रतिशत बढ़कर ₹1,181.67 करोड़ हो गया। शुद्ध मुनाफा ₹53.56 करोड़ दर्ज किया गया। ग्रे मार्केट में ओरिएंट केबल्स का शेयर 18.93 प्रतिशत प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। ग्रे मार्केट एक अनऑथराइज्ड मार्केट है, जहां किसी कंपनी के शेयर उसकी लिस्टिंग तक ट्रेड करते हैं।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।