PARADEEP PHOSPHATES IPO: इस कंपनी में भारत सरकार अपनी पूरी 19.55% हिस्सेदारी बेच रही हैं
देश की प्रमुख फर्टिलाइजर कंपनियों में शामिल पारादीप फॉस्फेट्स (Paradeep Phosphates) का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) आज 17 मई को खुल रहा है। कंपनी अपने IPO के जरिए 1,500 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। इसमें से उसने 450 करोड़ आईपीओ खुलने से पहले ही एकंर निवेशकों से जुटा लिए हैं। इस कंपनी में भारत सरकार की भी करीब 19.55% हिस्सेदारी है।
पारादीप फॉस्फेट्स के IPO में निवेश से पहले निवेशकों को इन 10 बातों को जरूर जानना चाहिए-
Paradeep Phosphates IPO Date
पारादीप फॉस्पेट्स का इनीशियल पब्लिक ऑफर 17 मई को खुलेगा और 19 मई को बंद होगा। एंकर निवेशकों के लिए कंपनी का एक दिन पहले सोमवार क16 मई को खुला था।
Paradeep Phosphates IPO Price Band
पारादीप फॉस्पेट्स ने आईपीओ के लिए 39 रुपये से 42 रुपये तक का प्राइस बैंड रखा है। कंपनी ने बताया कि वह आईपीओ से मिले पैसे का इस्तेमाल गोवा में एक फर्टिलाइज मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी का अधिग्रहण करने, कर्ज को चुकाने और सामान्य कॉरपोरेट उद्देश्यों को पूरा करने में करेगी।
पारादीप फॉस्पेट्स अपने IPO के जरिए कुल 1,500 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है। इसमें से 1,000 करोड़ रुपये के लिए कंपनी नए शेयर जारी करेगी, जबकि 500 करोड़ रुपये के शेयर कंपनी के प्रमोटरों और निवेशकों की तरफ से बिक्री के लिए रखे जाएंगे।
Paradeep Phosphates में भारत सरकार की करीब 19.55 फीसदी हिस्सेदारी है और वह इस IPO के जरिए अपनी पूरी हिस्सेदारी बेच रही है। वहीं कंपनी की बाकी 80.45 फीसदी हिस्सेदारी जुआरी मैरोक फॉस्फेट्स प्राइवेट लिमिटेड (ZMPPL) के पास है। ZMPPL भी इस आईपीओ में अपने 112,489,000 इक्विटी शेयर बेच रही है।
Paradeep Phosphates IPO Lot Size
आईपीओ के लिए लॉट के हिसाब से बोली लगाई जा सकती है। एक लॉट में कंपनी के 350 शेयर होंगे। न्यूनतम 1 लॉट और अधिकत 13 लॉट के लिए बोली लगाई जा सकती है।
Paradeep Phosphates IPO GMP
अनलिस्टेड मार्केट के जानकारों के मुताबिक, पारादीप फॉस्फेट्स का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) सोमवार को 3 रुपये यानी करीब 8 फीसदी था। इसका मतलब है कि ग्रे मार्केट को फिलहाल कंपनी के शेयर 8 फीसदी के प्रीमियम पर लिस्ट होने की उम्मीद है।
अलॉटमेंट और लिस्टिंग की तारीख
कंपनी के शेयर NSE और BSE दोनों पर लिस्ट होंगे। शेयरों का अलॉटमेंट 24 मई को हो सकता है और लिस्टिंग 27 मई को हो सकती है।
कंपनी के बारे में
पारादीप फॉस्फेट्स एक नॉन-यूरिया खाद बनाने वाली कंपनी है। यह तमाम तरीके के फर्टिलाइजर यानी खाद बनाती है जिसमें DAP, NPK, Zypmite, Phosphogypsum और Hydroflorosilicic Acid (HFSA) आदि शामिल हैं। इसके अलावा कंपनी MOP, SPN और City compost भी बनाती है। कंपनी के फर्टिलाइजर जय किसान -नवरत्ना और नवरत्ना ब्रॉन्ड से बाजार में मिलते हैं। 31 दिसंबर 2021, तक के आंकड़ों के मुताबिक, यह नॉन-यूरिया खाद बनाने वाली भारती की दूसरे सबसे बड़ी प्राइवेट कंपनी है।
कंपनी की वित्तीय सेहत
कोटक सिक्योरिटीज के मुताबिक पारादीप फॉस्फेट्स का मजबूत वित्तीय नतीजे देने का रिकॉर्ड रहा है। वित्त वर्ष 2022 के पहले 9 महीनों में कंपनी की कुल इनकम 5973.69 करोड़ रुपये रही थी। वही वित्त वर्ष 2021, 2020 और 2019 में इसकी कुल आय क्रमश: 5183.94 करोड़ रुपये, 4227.78 करोड़ रुपये और 4397.21करोड़ रुपये थी।
इसी तरह कंपनी का मुनाफा वित्त वर्ष 2022 के पहले 9 महीनों में 362.78 करोड़ रुपये रहा है। जबकि वित्त वर्ष 2021, 2020 और 2019 में इसका मुनाफा क्रमश: 223.27 करोड़ रुपये, 193.22 करोड़ रुपये और 58.96 करोड़ रुपये था।
क्या आपको करना चाहिए इस IPO में निवेश?
चॉइस ब्रोकिंग ने इस आईपीओ को सब्सक्राइब करने की सलाह दी है। ब्रोकरेज ने कहा, "42 रुपये के ऊपरी प्राइस बैंड पर इसका वित्त वर्ष 2021 के लिए EV/सेल्स 0.7 गुना के मल्टीपल पर आता है, जो इसकी समकक्ष कंपनियों से डिस्काउंट पर है। इसलिए हमने इस इश्यू को सब्सक्राइब करने की रेटिंग दी है।"
वहीं Angel One ने इस इश्यू के लिए न्यूट्रल रेटिंग रखी है। ब्रोकरेज ने कहा, "वैल्यूएशन की बात करें तो, लिस्टिंग के बाद यह स्टॉक 15.3xFY2021 EPS के P/E मल्टीपल पर ट्रेड करेगा, जो चंबल फर्टिलाइजर, दीपक फर्टिलाइजर जैसी इसकी समकक्ष कंपनियों के बराबर है। हालांकि इन कंपनियों की एकदम सटीक तुलना नहीं की जा सकती है। इसके अलावा कच्चे माल की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते इसकी लागत पर दबाव भी बढ़ा है। ऐसे में हमने इस इश्यू के लिए न्यूट्रल रेटिंग रखी है।"
लीड मैनेजर
एक्सिस कैपिटल, ICIC सिक्योरिटीज, JM फाइनेंशियल और SBI कैपिटल मार्केट्स इस आईपीओ के लीड मैनेजर होंगे।