Paras Healthcare IPO: एंकर निवेशकों से जुटाए ₹652 करोड़, 21 अक्टूबर को खुलेगा ₹1450 करोड़ का इश्यू

Paras Healthcare IPO: एंकर बुक में भाग लेने वाले घरेलू म्यूचुअल फंडों में SBI म्यूचुअल फंड, HDFC AMC, ICICI प्रूडेंशियल AMC, कोटक महिंद्रा AMC, व्हाइटओक कैपिटल, मोतीलाल ओसवाल AMC, एडलवाइस, बड़ौदा BNP पारिबा म्यूचुअल फंड और ITI म्यूचुअल फंड शामिल रहे

अपडेटेड Oct 20, 2026 पर 9:44 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Paras Healthcare ने एंकर बुक के जरिए 21 संस्थागत निवेशकों को 94.15 लाख इक्विटी शेयर अलॉट किए।

गुरुग्राम की पारस हेल्थकेयर का ₹1,450 करोड़ का IPO 21 अक्टूबर को खुलने वाला है। इससे पहले 19 अक्टूबर को कंपनी ने एंकर निवेशकों से ₹652.5 करोड़ जुटाए। कंपनी पारस हेल्थ ब्रांड के तहत हॉस्पिटल चेन चलाती है। 20 अक्टूबर को शेयर बाजारों में विजयादशमी (दशहरा) की छुट्टी है। कंपनी ने एंकर बुक के जरिए 21 संस्थागत निवेशकों को 94.15 लाख इक्विटी शेयर अलॉट किए। एंकर बुक में हिस्सा लेने वाले वैश्विक निवेशकों में अबू धाबी इनवेस्टमेंट अथॉरिटी, ब्लैकरॉक ग्लोबल फंड्स, ईस्टस्प्रिंग इनवेस्टमेंट्स, गवर्नमेंट पेंशन फंड ग्लोबल, नैटिक्सिस इंटरनेशनल फंड्स, इंटीग्रेटेड कोर स्ट्रेटेजीज (एशिया) और सिटीग्रुप ग्लोबल शामिल हैं।

पारस हेल्थकेयर ने फाइलिंग में बताया, "₹385 करोड़ के 55.55 लाख शेयर 9 घरेलू म्यूचुअल फंडों को अलॉट किए गए, जिन्होंने कुल 24 स्कीमों के माध्यम से इसमें हिस्सा लिया।" एंकर बुक में भाग लेने वाले घरेलू म्यूचुअल फंडों में SBI म्यूचुअल फंड, HDFC AMC, ICICI प्रूडेंशियल AMC, कोटक महिंद्रा AMC, व्हाइटओक कैपिटल, मोतीलाल ओसवाल AMC, एडलवाइस, बड़ौदा BNP पारिबा म्यूचुअल फंड और ITI म्यूचुअल फंड शामिल रहे।

इसके अलावा, ICICI प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस, एडलवाइस लाइफ इंश्योरेंस और केनरा HSBC लाइफ इंश्योरेंस जैसी बीमा कंपनियों ने भी एंकर बुक में हिस्सा लिया। इन्हें 45 करोड़ रुपये के 6.49 लाख शेयर अलॉट हुए।


IPO के लिए कितना है प्राइस बैंड 

IPO में ₹500 करोड़ के 72.15 लाख नए शेयर जारी होंगे। साथ ही ₹950 करोड़ के 1.37 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल (OFS) रहेगा। OFS में कंपनी के प्रमोटर धर्मिंदर कुमार नागर और निवेशक कॉमेलिना शेयरों को बिक्री के लिए रखेंगे। प्राइस बैंड ₹660-₹693 प्रति शेयर तय हुआ है। लॉट साइज 21 शेयर है। पब्लिक इश्यू में 23 अक्टूबर तक पैसे लगाने का मौका रहेगा। क्लोजिंग के बाद अलॉटमेंट 26 अक्टूबर को फाइनल हो सकता है। कंपनी के शेयर NSE और BSE पर 28 अक्टूबर को लिस्ट हो सकते हैं।

Paras Healthcare IPO के लिए JM फाइनेंशियल, BofA सिक्योरिटीज इंडिया और नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट बुक ​रनिंग लीड मैनेजर है। रजिस्ट्रार MUFG Intime India Pvt.Ltd. है। इस पब्लिक इश्यू में 75 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 10 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है।

Jio Platforms IPO: एंकर निवेशकों से जुटाए ₹8110 करोड़, 30 गुना से ज्यादा सब्सक्रिप्शन; कैपिटल ग्रुप और LIC रहे टॉप इनवेस्टर

IPO के पैसों का कैसे होगा इस्तेमाल

कंपनी अपने IPO में नए शेयरों को जारी कर हासिल होने वाले पैसों का इस्तेमाल कर्ज चुकाने के लिए, 100 प्रतिशत मालिकाना हक वाली सब्सिडियरी PMHPL का कर्ज चुकाने के उद्देश्य से उसमें निवेश के लिए और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए करेगी। पारस हेल्थकेयर का शेयर ग्रे मार्केट में 11.2 प्रतिशत प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। ग्रे मार्केट एक अनऑथराइज्ड मार्केट है, जहां​ किसी कंपनी के शेयर उसकी लिस्टिंग तक ट्रेड करते हैं।

Paras Healthcare के अभी 8 अस्पताल

पारस हेल्थकेयर उत्तर भारत, बिहार और झारखंड में 30 जून 2026 तक 8 अस्पतालों के जरिए टर्शियरी और क्वाटरनरी हेल्थकेयर सर्विसेज दे रही थी। इसके अस्पताल गुरुग्राम, पंचकुला, पटना, दरभंगा, कानपुर, उदयपुर, रांची और श्रीनगर में थे। इन अस्पतालों में कुल 2,211 बेड की क्षमता थी। टर्शियरी हेल्थकेयर वह स्तर है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों और एडवांस्ड मेडिकल सर्विसेज की जरूरत होती है। जैसे कि हार्ट बायपास सर्जरी, कैंसर का इलाज, न्यूरोसर्जरी (दिमाग की सर्जरी), किडनी ट्रांसप्लांट आदि। क्वाटरनरी हेल्थकेयर, टर्शियरी से भी अधिक एडवांस्ड और अत्यधिक विशिष्ट मेडिकल सर्विस होती है। जैसे कि मल्टी ऑर्गन ट्रांसप्लांट, रोबोटिक सर्जरी, दुर्लभ बीमारियों का विशेष इलाज आदि।

नेटवर्क के विस्तार के तहत पारस हेल्थकेयर ने गुरुग्राम में 300 और लुधियाना में 500 बेड की क्षमता जोड़ने की योजना बनाई है। कंपनी को उम्मीद है कि मार्च 2028 तक उसके अस्पतालों में कुल बेड क्षमता बढ़कर 3,011 हो जाएगी।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।