PayMate India IPO : बिजनेस टू बिजनेस पेमेंट और सर्विसेज प्रोवाइडर पेमेट इंडिया ने IPO के लिए कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास ड्राफ्ट पेपर फाइल किए हैं। कंपनी ने कहा कि उसकी आईपीओ के जरिये 1,500 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है। इस IPO में 1,125 करोड़ रुपये के नए शेयर और 375 करोड़ रुपये का ऑफर फॉर सेल शामिल है।
225 करोड़ के प्राइवेट प्लेसमेंट पर विचार कर सकती है कंपनी
वीजा और लाइटबॉक्स वेंचर के निवेश वाला स्टार्टअप अपने लीड बैंकर्स के साथ परामर्श के बाद 225 करोड़ रुपये के इक्विटी शेयरों के एक प्राइवेट प्लेसमेंट पर भी विचार कर सकता है। यदि प्लेसमेंट पूरा हो जाता है तो इश्यू का साइज घट जाएगा।
उसके प्रमोटर और लाइटबॉक्स, अमेरिकी वेंचर कैपिटल कंपनी मेफील्ड (Mayfield), IPO Wealth Holdings और RSP India Fund सहित उसके इनवेस्टर्स ओएफएस के जरिये अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे।
पूंजी का कहां इस्तेमाल करेगी कंपनी
कंपनी IPO से मिली धनराशि के 77 करोड़ रुपये से नए बाजारों में परिचालन शुरू करेगी और 228 करोड़ रुपये इनऑर्गैनिक ग्रोथ पहलों में लगाएगी। 689 करोड़ रुपये की धनराशि वह मार्जिन सुधारने के लिए अपने फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशन पार्टनर्स को कोलेटरल के रूप में देगी।
कौन बेचेगा कितनी हिस्सेदारी
पेमेट में 27.31 फीसदी हिस्सेदारी के साथ लाइटबॉक्स सबसे बड़ी स्टेकहोल्डर है। ओएफएस के तहत लाइटबॉक्स अपने 127.38 करोड़ रुपये तक के, मेफील्ड एफवीसीआई लि. 15.66 करोड़ रुपये तक के, आएसपी इंडिया फंड 2.74 करोड़ रुपये तक के और आईपीओ वेल्थ 17.01 करोड़ रुपये के शेयर बेचेंगी।
पेमेट के फाउंडर और सबसे बड़े प्रमोटर ग्रुप शेयरहोल्डर अजय आदिशेषन 134.73 करोड़ रुपये के शेयर बेचेंगे, वहीं सीएफओ विश्वनाथन सुब्रमण्यन 3.29 करोड़ रुपये के शेयर बेचेंगे। उमा विश्वनाथन, जी. आदिशेषन, ध्रुव प्रताप सिंह, प्रोबीर कुमार रॉय, अलेक्जेंडर कुरुविला और आनंद राजाराम सहित अन्य प्रमोटर ग्रुप शेयरहोल्डर भी अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे।
कर्मचारियों के लिए एक हिस्सा होगा रिजर्व
PayMate अपने आईपीओ का एक हिस्सा इलिजिबल कर्मचारियों के लिए रिजर्व रखेगी और कम से कम 75 फीसदी क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशन बायर्स, 15 फीसदी नॉन इंस्टीट्यूशनल बायर्स और 10 फीसदी रिटेल इनवेस्टर्स को अलोकेट करेगी।
आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, एचएसबीसी सिक्योरिटीज एंड कैपिटल मार्केट्स (इंडिया), जेएम फाइनेंशियल और एसबीआई कैपिटल मार्केट्स पब्लिक इश्यू के लिए मर्चेंट बैंकर हैं।