ऑनलाइन फर्नीचर और होम प्रोडक्ट्स बेचने वाली अग्रणी कंपनी पेपरफ्राई (Pepperfry) ने अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लाने की तैयारियां तेज कर दी है। इंडस्ट्री सूत्रों ने मनीकंट्रोल को बताया कि पेपरफ्राई ने प्रस्तावित IPO के लिए तीन इनवेस्टमेंट बैंकर को हायर किया है।
एक सूत्र ने बताया, "पेपरफ्राई ने प्रस्तावित IPO के लिए ICICI सिक्योरिटीज, एक्सिस कैपिटल और जेपी मॉर्गन को सलाहकार के तौर पर नियुक्त किया है और ड्राफ्ट रेड हेरिंड प्रॉस्पेक्टस (DRHP) को तैयार करने का काम कुछ हफ्ते पहले ही शुरू हो चुका है।"
वहीं एक दूसरे सूत्र ने बताया कि कंपनी जून के अंत तक मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास DRHP जमा कर सकती है। कंपनी अपने IPO से करीब 25 करोड़ डॉलर (लगभग 1,900 करोड़ रुपये) जुटाने की तैयारी कर रही है। इसमें फ्रेश शेयरों के अलावा कुछ हिस्सा प्रमोटरों और शेयरहोल्डरों के शेयरों का भी होगा। सूत्र ने बताया कि मौजूदा निवेशक कितने शेयर बिक्री के लिए रखेंगे, इसके आधार पर IPO के साइज में बदलाव भी आ सकता है।
एक दूसरे सूत्र ने बताया, "IPO से कंपनी को अपने विस्तार के लिए पूंजी जुटाने में मदद मिलेगी, साथ ही इससे कुछ निवेशकों को कंपनी से बाहर निकलने का भी मौका मिलेगा।" बता दें कि पेपरफ्राई के मुख्य निवेशकों में नॉर्वेस्ट वेंचर्स, ब्रॉडस्ट्रीट इनवेस्टमेंट्स, जनरल इलेक्ट्रिक पेंशन ट्रस्ट और बर्टल्समैन शामिल है। इसके अलावा कंपनी ने फरवरी 2022 में लोकप्रिय फेविकोल ब्रांड बनाने वाली पिडलाइट इंडस्ट्रीज से करीब 4 करोड़ डॉलर जुटाए थे।
पेपरफ्राई, एक्सिस कैपिटल और जेपी मॉर्गन ने खबर लिखे जाने तक मनीकंट्रोल के ईमेल से भेजे सवालों का जवाब नहीं दिया था। वहीं ICIC सिक्योरिटीज ने इस बारे में टिप्पणी करने से मना कर दिया था।
पेपरफ्राई को ईबे के फॉर्मर एग्जिक्यूटिव्स अंबरीश मूर्ति और आशीष शाह ने 2012 में शुरू किया था। यह अपनी वेबसाइट पर फर्नीचर से लेकर होम डेकोरेशन उत्पादों की एक बड़ी रेंज बेचती है। इसके अलावा एक फ्रैंचाइजी मॉडल के जरिए इसकी ऑफलाइन उपस्थिति भी है।
इसकी वेबसाइट के मुताबिक, इसके पास 1.2 लाख से अधिक प्रोडक्ट और 500 शहरों में 60 लाख से अधिक रजिस्टर्ड यूजर्स है। कंपनी की वेबसाइट पर 1.2 करोड़ से अधिक मंथली यूजर्स आते हैं। देश भर में इसके 40 से अधिक पेपरफ्राई एक्सपीरियंस स्टोर और 17 फुलफिलमेंट हब हैं।