Pramara Promotions IPO : दूसरे दिन तक पूरी तरह सब्सक्राइब हुआ इश्यू, रिटेल निवेशकों ने दिखाया दम

Pramara Promotions 15.27 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। निवेशकों के पास इसमें 5 सितंबर तक निवेश का मौका होगा। आईपीओ के लिए 2000 शेयरों का लॉट साइज तय किया गया है। यानी निवेशक कम से कम 2000 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद इसके मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं

अपडेटेड Sep 04, 2023 पर 10:03 PM
Pramara Promotions IPO : प्रमारा प्रमोशन्स के आईपीओ को निवेशकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली है।

Pramara Promotions IPO : प्रमोशनल प्रोडक्ट्स और गिफ्ट आइटम बनाने वाली कंपनी प्रमारा प्रमोशन्स के आईपीओ को निवेशकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। सब्सक्रिप्शन के दूसरे दिन यह इश्यू खुदरा निवेशकों के समर्थन से पूरी तरह से सब्सक्राइब होने में कामयाब रहा। इसे अब तक 1.97 गुना सब्सक्रिप्शन मिल गया है। आईपीओ को 45.30 लाख शेयरों के लिए बोलियां मिली हैं जबकि ऑफर पर 24.24 लाख शेयर हैं। कंपनी 15.27 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। निवेशकों के पास इसमें 5 सितंबर तक निवेश का मौका होगा।

अलग-अलग कैटेगरी का हाल

प्रमर प्रमोशन्स का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए शुक्रवार 1 सितंबर को खुला था। खुदरा निवेशकों के लिए आईपीओ का आधा हिस्सा आरक्षित है और यह 3.43 गुना भर गया है। वहीं, हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल के लिए रिजर्व हिस्से को 49 फीसदी सब्सक्रिप्शन मिला है। ओवरऑल इस आईपीओ को 1.97 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है।


आईपीओ से जुड़ी डिटेल

प्रमारा प्रमोशन्स ने मार्केट मेकर के लिए 1.24 लाख शेयर आरक्षित किए हैं, जो कुल इश्यू का 5.1 फीसदी है और शेष 23 लाख शेयर नेट इश्यू माने जाएंगे। नेट इश्यू का आधा हिस्सा रिटेल निवेशकों के लिए और शेष आधा हिस्सा हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल के लिए रिजर्व रखा गया है। प्रमोटरों रोहित लांबा और शीतल लांबा के पास कंपनी में 94.45 फीसदी हिस्सेदारी है, जबकि कुल प्रमोटरों की हिस्सेदारी 95.41 फीसदी है, और शेष पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास है।

प्रमारा प्रमोशन क्लाइंट्स को अपने प्रोडक्ट्स और सर्विसेज को प्रमोट करने में मदद करता है। कंपनी फंड में से 9.75 करोड़ रुपये का इस्तेमाल मुख्य रूप से वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए करेगी। इसके अलावा, शेष 3.02 करोड़ रुपये का उपयोग सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। पूरे फंड का उपयोग मौजूदा वित्तीय वर्ष में किया जाएगा।

लॉट साइज

आईपीओ के लिए 2000 शेयरों का लॉट साइज तय किया गया है। यानी निवेशक कम से कम 2000 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद इसके मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। रिटेल निवेशकों को इसमें कम से कम 126,000 रुपये का निवेश करना होगा।

जरूरी डेट्स

सब्सक्रिप्शन के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 8 सितंबर को किया जाएगा। वहीं, 12 सितंबर तक इक्विटी शेयर पात्र निवेशकों के डीमैट अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। आईपीओ शेड्यूल के अनुसार इसके इक्विटी शेयर 13 सितंबर को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के इमर्ज प्लेटफॉर्म पर डेब्यू करेंगे। फेडेक्स सिक्योरिटीज मर्चेंट बैंकर है, और बिगशेयर सर्विसेज ऑफर का रजिस्ट्रार है।

कंपनी के बारे में

मुंबई स्थित कंपनी प्रमारा प्रमोशन्स प्रमोशनल प्रोडक्ट्स और गिफ्ट डिजाइन करती है। कंपनी इसे बनाने के साथ ही मार्केटिंग के बिजनेस में लगी हुई है। कंपनी इन प्रोडक्ट्स को FMCG, QSR, फार्मा, बेवेरेज नॉन-अल्कोहलिक और अल्कोहलिक, कॉस्मेटिक, टेलीकॉम, मीडिया और अन्य सेक्टर्स के ग्राहकों के लिए बनाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।