Pramara Promotions IPO : 1 सितंबर को खुलेगा गिफ्ट आइटम बनाने वाली कंपनी का आईपीओ, 15.27 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी

Pramara Promotions IPO : आईपीओ के लिए 2000 शेयरों का लॉट साइज तय किया गया है। यानी निवेशक कम से कम 2000 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद इसके मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। रिटेल निवेशकों को इसमें कम से कम 126,000 रुपये का निवेश करना होगा

अपडेटेड Aug 30, 2023 पर 6:59 PM
Story continues below Advertisement
Pramara Promotions IPO : प्रमारा प्रमोशन्स का आईपीओ 1 सितंबर को खुलने वाला है।

Pramara Promotions IPO : प्रमोशनल प्रोडक्ट्स और गिफ्ट आइटम बनाने वाली कंपनी प्रमारा प्रमोशन्स का आईपीओ 1 सितंबर को खुलने वाला है। कंपनी 24.24 लाख शेयरों की बिक्री के माध्यम से 15.27 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इस आईपीओ के माध्यम से केवल फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। यानी इसमें ऑफर फॉर सेल (OFS) नहीं होगा। निवेशकों के पास इसमें 5 सितंबर तक निवेश का मौका होगा। कंपनी ने इसके लिए 63 रुपये प्रति शेयर का फिक्स्ड प्राइस तय किया है। बता दें कि 1 सितंबर को ही बेसिलिक फ्लाई स्टूडियो का आईपीओ भी खुलेगा।

आईपीओ से जुड़ी डिटेल

प्रमारा प्रमोशन्स ने मार्केट मेकर के लिए 1.24 लाख शेयर आरक्षित किए हैं, जो कुल इश्यू का 5.1 फीसदी है और शेष 23 लाख शेयर नेट इश्यू माने जाएंगे। नेट इश्यू का आधा हिस्सा रिटेल निवेशकों के लिए और शेष आधा हिस्सा हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल के लिए रिजर्व रखा गया है। प्रमोटरों रोहित लांबा और शीतल लांबा के पास कंपनी में 94.45 फीसदी हिस्सेदारी है, जबकि कुल प्रमोटरों की हिस्सेदारी 95.41 फीसदी है, और शेष पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास है।


प्रमारा प्रमोशन क्लाइंट्स को अपने प्रोडक्ट्स और सर्विसेज को प्रमोट करने में मदद करता है। कंपनी फंड में से 9.75 करोड़ रुपये का इस्तेमाल मुख्य रूप से वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए करेगी। इसके अलावा, शेष 3.02 करोड़ रुपये का उपयोग सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। पूरे फंड का उपयोग मौजूदा वित्तीय वर्ष में किया जाएगा।

लॉट साइज

आईपीओ के लिए 2000 शेयरों का लॉट साइज तय किया गया है। यानी निवेशक कम से कम 2000 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद इसके मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। रिटेल निवेशकों को इसमें कम से कम 126,000 रुपये का निवेश करना होगा।

जरूरी डेट्स

सब्सक्रिप्शन के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 8 सितंबर को किया जाएगा। वहीं, 12 सितंबर तक इक्विटी शेयर पात्र निवेशकों के डीमैट अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। आईपीओ शेड्यूल के अनुसार इसके इक्विटी शेयर 13 सितंबर को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के इमर्ज प्लेटफॉर्म पर डेब्यू करेंगे। फेडेक्स सिक्योरिटीज मर्चेंट बैंकर है, और बिगशेयर सर्विसेज ऑफर का रजिस्ट्रार है।

कंपनी के बारे में

मुंबई स्थित कंपनी प्रमारा प्रमोशन्स प्रमोशनल प्रोडक्ट्स और गिफ्ट डिजाइन करती है। कंपनी इसे बनाने के साथ ही मार्केटिंग के बिजनेस में लगी हुई है। कंपनी इन प्रोडक्ट्स को FMCG, QSR, फार्मा, बेवेरेज नॉन-अल्कोहलिक और अल्कोहलिक, कॉस्मेटिक, टेलीकॉम, मीडिया और अन्य सेक्टर्स के ग्राहकों के लिए बनाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।