Pre-IPO Buzzers: अगले वित्त वर्ष में नए जमाने की करीब 9 टेक कंपनियों के शेयर में बाजार में लिस्ट होने की उम्मीद है। इनमें से कम से कम 3 कंपनियों के शेयरों में अभी से ग्रे मार्केट में कारोबार दिख रही है। ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सेवा देने वाली प्लेटफॉर्म IXIGO की मूल कंपनी ले ट्रैवेन्स टेक्नोलॉजी के शेयरों का भाव ग्रे मार्केट में पिछले एक साल में 81 प्रतिशत उछलकर 145 रुपये पर पहुंच गया। वहीं ओयो (OYO) के शेयरों में गिरावट आई है। जबकि मोबिक्विक (Mobikwik) के शेयर तेज गिरावट के बाद अब फिर अपने एक साल पहले के स्तर पर वापस आ रहे है।
मार्केट के जानकारों का कहना है कि OYO की लिस्टिंग को लेकर अस्पष्टता है, जिसके चलते इसके शेयरों में लगातार गिरावट आई है। निवेशक मौजूदा वैल्यूएशन पर इस स्टॉक में कम दिलचस्पी दिखा रहे हैं। सॉफ्टबैंक के निवेश वाली OYO ने सितंबर 2022 के दौरान अपने इंटरनल वैल्यूएशन को घटाकर 2.7 अरब डॉलर कर दिया था, जबकि पहले यह 3.4 अरब डॉलर था।
अनलिस्टेड एरेना के को-फाउंडर मनन दोशी ने कहा, "हमें OYO के अनलिस्टेड शेयरों में अहम गिरावट देखने को मिली है।" इस वित्त वर्ष की शुरुआत में OYO के शेयरों का भाव ग्रे मार्केट में 68 रुपये था, जो अब करीब 16 प्रतिशत गिरकर 57 रुपये पर आ गया है। मीडिया रिपोर्टों से पता चलता है कि OYO अब IPO के बजाय एक प्राइवेट फंडिंग राउंड शुरू करने की तैयारी में है।
हालांकि दूसरी ओर, डिजिटल पेमेंट फर्म मोबिक्विक और IXIGO के अनलिस्टेड शेयरों की अच्छी मांग देखी जा रही है। मोबिक्विक के शेयर पिछले साल ग्रे मार्केट में लगभग 650 रुपये पर कारोबार कर रहे थे, लेकिन फिर यह 320-330 के स्तर तक गिर गए। अब यह दोबारा 600 रुपये के स्तर पर वापस आ गया है।
दोशी ने कहा, “इस साल एक अहम उलटफेर देखा गया है। IXIGO और Mobikwik जैसे कुछ अन-लिस्टेड शेयरों ने अपने निचले स्तर से जबरदस्त छलांग लगाई है। असल में इन दोनों कंपनियों के IPO के जल्द आने की उम्मीद है, जिसके चलते इनकी कीमतों और मांग में इजाफा देखा जा रहा है।”
प्राइम डेटाबेस के अनुसार, OYO को छोड़कर, नए जमाने की करीब 9 टेक कंपनियां इस साल अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लॉन्च कर सकती है। इनकी योजना कुल करीब 21,000 करोड़ रुपये जुटाने की है। इन कंपनियों में विराट कोहली और अनुष्का शर्मा के निवेश वाली गो डिजिट जनरल इंश्योरेंस, हेल्थविस्टा, रतन टाटा के निवेश वाला फर्स्टक्राई, OLA इलेक्ट्रिक, ऑफिस स्पेस और यूनिकॉमर्स आदि शामिल हैं।