Prudent Corporate Advisory Services IPO: वेल्थ मैनेजमेंट से जुड़ी सेवाएं मुहैया कराने वाली फर्म प्रूडेंट कॉरपोरेट एडवाइजरी सर्विसेज का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) ऑफर कल यानी मंगलवार 10 मई से खुल रहा है। कंपनी ने अपने IPO के लिए 595 से 630 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा है। निवेशक इस IPO के लिए 12 मई तक बोली लगा सकती है।
एंकर इनवेस्टर्स से जुटाए 159 करोड़ रुपए
Prudent Corporate Advisory Services ने इश्यू खुलने से एक दिन पहले सोमवार को एंकर इनवेस्टर्स से 159 करोड़ रुपए जुटाए हैं। कंपनी का इश्यू 10 मई को खुल रहा है और 12 मई को बंद होगा। कंपनी ने 630 रुपए प्रति शेयर के हिसाब से 25,30,651 शेयर एंकर इनवेस्टर्स को अलॉट किए हैं। इस हिसाब से कंपनी ने इश्यू खुलने से पहले 159.43 करोड़ रुपए जुटा लिए हैं।
प्रूडेंट कॉरपोरेट एडवाइजरी अपने IPO के जरिए 538.6 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में हैं। यह पूरी तरह से ऑफर-फॉर-सेल (OFS) है। इसका मतलब है कि IPO के तहत कंपनी ने कोई नया शेयर जारी नहीं किया है, बल्कि इसके प्रमोटरों और निवेशकों ने अपने हिस्से के शेयरों को बिक्री के लिए रखा है। इसलिए IPO से मिलने वाला पैसा कंपनी के खाते में न जाकर इसके निवेशकों और प्रमोटरों के पास जाएगा।
कंपनी ने IPO के तहत कुल 85,49,340 इक्विटी शेयरों को बिक्री के लिए रखा है। इसमें से 82,81,340 शेयरों को कंपनी की शेयरहोल्डर Wagner Ltd ने बिक्री के लिए रखा है, जबकि कंपनी के CEO शिरीष पटेल 2,68,000 शेयरों को बेच रहे हैं।
Prudent Corporate Advisory IPO GMP Today
प्रूडेंट कॉरपोरेट एडवाइजरी के शेयरों का अनलिस्टेड मार्केट में ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) सोमवार को 30 रुपये था। इसका मतलब है कि ग्रे मार्केट को फिलहाल प्रूडेंट कॉरपोरेट एडवाइजरी के शेयरों की शेयर बाजार में 660 रुपये (₹630 अपर प्राइस बैंड + ₹30 जीएमपी) पर लिस्ट होने की उम्मीद है।
प्रूडेंट कॉरपोरेट एडवाइजरी के IPO के लिए निवेशक लॉट के हिसाब से बोली लगा सकते हैं। एक लॉट में कंपनी के 23 शेयर होंगे। इस तरह निवेशकों को एक लॉट की बोली लगाने के लिए न्यूनतम 14,490 (630 * 23) रुपये लगाने पड़ेंगे। रिटेल निवेशक अधिकतम 13 लॉट के लिए बोली लगा सकते हैं।
रिटेल निवेशकों के लिए 35% शेयर आरक्षित
प्रूडेंट कॉरपोरेट IPO के 50 फीसदी शेयरों को क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित रखा गया है। वहीं रिटेल निवेशकों के लिए कंपनी ने 35 फीसदी शेयरों को आरक्षित रखा है। नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) के लिए 15 फीसदी शेयर अलग रखे गए हैं।
प्रूडेंट कॉरपोरेट एडवाइजरी सर्विसेज लिमिटेड (PCASL) देश की एक अग्रणी वेल्थ मैनेजमेंट फर्म है। इसकी गिनती देश के शीर्ष म्यूचुअल फंड डिस्ट्रिब्यूटर्स में होती है। इसके अलावा कंपनी इंश्योरेंस , पोर्टफोलियो मैनेजमेंट स्कीम, अल्टरनेटिव इन्वेस्टमेंट फंड, कॉर्पोरेट फिक्स्ड डिपॉजिट , बॉन्ड, अनलिस्टेड इक्विटीज, स्टॉक ब्रोकिंग सॉल्यूशंस, सिक्योरिटीज पर दिए जाने वाले लोन, एनपीएस जैसे कारोबार में भी है। कंपनी थर्ड पार्टी से उनके प्रोडक्ट के डिस्ट्रीब्यूएशन के लिए कमीशन पर काम करती है। कंपनी FundzBazar, PrudentConnect, Policyworld, WiseBasket, Prubazar और CreditBasket के जरिए डिजिटल वेल्थ मैनेजमेंट सेवाएं उपलब्ध कराती है।
31 दिसंबर 2021 तक कंपनी के म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूशन कारोबार की AUM 48.41 ट्रिलियन रुपये थी। इसमें कंपनी के कुल AUM 92.14 फीसदी इक्विटी पर आधारित था। कंपनी Gennext नाम की अपनी एक पूर्णस्वामित्व वाली सहायक कंपनी के जरिए भारत में लाइफ और जनरल इंश्योरेंस प्रोडक्ट्स डिस्ट्रीब्यूएशन करती है।
क्या आपको करना चाहिए सब्सक्राइब?
ब्रोकरेज फर्म एंजल वन (AngelOne) ने प्रूडेंट कॉरपोरेट के IPO न्यूट्रल रेटिंग दी है। ब्रोकरेज ने कहा, "हमारा मानना है कि प्रूडेंट के पास मजबूत रिटेल आधारित बिजनेस मॉडल है, जो इसे अपने बाकी प्रतिद्वंदियों से बढ़ता दिलाता है और इसके बिजनेस मॉडल को किसी और के लिए अपनाना भी आसान नहीं होगा। हालांकि इसकी समकक्ष कंपनियों के मुकाबले इसका वैल्यूएशन कुछ महंगा लग रहा है, जो निकट अवधि में किसी लाभ को सीमित कर सकता है। ऐसे में हम इस IPO के लिए न्यूट्रल रेटिंग की सिफारिश करते हैं।"