बच्चों के अस्पताल की मल्टी-स्पेशियालिटी चेन रेनबो चिल्ड्रेंस मेडिकेयर लिमिटेड (Rainbow Children's Medicare Ltd) का इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) अगले हफ्ते 27 अप्रैल को खुल रहा है। कंपनी ने 1,581 करोड़ रुपये के अपने IPO के लिए 516-542 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है।
निवेशक 29 अप्रैल तक लगा सकते हैं बोली
रेनबो चिल्ड्रेंस मेडिकेयर ने बताया कि उसका IPO तीन दिन खुला रहेगा और इसके लिए 27 अप्रैल से 29 अप्रैल तक बोली लगाई जा सकती है। वहीं एकंर निवेशकों के लिए यह आईपीओ के लिए दिन पहले यानी 26 अप्रैल को खुलेगा।
कंपनी अपने IPO के तहत 280 करोड़ रुपये तक के नए इक्विटी शेयर जारी करेगी और 2.4 करोड़ इक्विटी शेयरों की ऑफर-फॉर-सेल (OFS) लाएगी। ऑफर-फॉर-सेल (OFS) के तहत कंपनी के प्रमोटरों में शामिल रमेश कंचारला, दिनेश कुमार चिरला और आदर्श कंचारला अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे। इसके अलावा प्रमोटर ग्रुप कंपनी पद्मा कंचारला, निवेशक ब्रिटिश इंटरनेशनल इन्वेस्टमेंट पीएलसी और CDC इंडिया भी अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे।
ग्रे मार्केट पर नजर रखने वाले जानकारों के मुताबिक Rainbow Children's Medicare के शेयर शुक्रवार को ग्रे मार्केट में 50 रुपये के प्रीमियम पर कारोबार कर रहे थे। यह इसके ऊपरी प्राइस बैंड से करीब 10 फीसदी अधिक है। इसका मतलब है कि ग्रे मार्केट फिलहाल Rainbow Children IPO के 10 फीसदी की बढ़त के साथ लिस्ट होने की उम्मीद कर रहा है।
कंपनी की योजना 10 मई को शेयर बाजारों में लिस्ट होने की है। इसके शेयर बीएसई और एनएसई दोनों पर लिस्ट होंगे।
IPO से मिले पैसों का कहां होगा इस्तेमाल?
रेनबो चिल्ड्रन मेडिकेयर ने कहा है कि नए शेयरों से जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल नॉन-कंवर्टिबल डिबेंचर्स (NCDs) के समय से पहले रिडेम्प्शन, नए अस्पतालों को खोलने, मेडिकल इक्विपमेंट खरीदने और दूसरे कॉरपोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।
20 दिसंबर 2021 तक के आंकड़ों के मुताबिक, Rainbow Children's Medicare के पास देश के छह शहरों में 14 अस्पतालों और तीन क्लीनिक हैं। इन अस्पतालों की कुल बेड कैपिसिटी 1,500 की है। कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी, जेपी मॉर्गन इंडिया और IIFL सिक्योरिटीज इस IPO के बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं।