Rajputana Biodiesel IPO: राजपूताना बॉयोडीजल के एसएमई आईपीओ को निवेशकों का तगड़ा रिस्पॉन्स मिला है। सब्सक्रिप्शन के अंतिम दिन तक यह पब्लिक इश्यू कुल 718.81 गुना सब्सक्राइब हो गया है। इसे 28 नवंबर तक कुल 89,41,99,000 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं, जबकि ऑफर पर 12,44,000 शेयर थे। इस तरह आईपीओ के लिए कुल 11,624.58 करोड़ रुपये की बोली लगाई गई है, जबकि इसका इश्यू साइज महज 24.70 करोड़ रुपये है।
राजपूताना बॉयोडीजल का आईपीओ 26 नवंबर को खुला था। इसका प्राइस बैंड 123-130 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। नॉन-इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए रिजर्व हिस्सा सबसे अधिक 1,345.96 गुना सब्सक्राइब हुआ है। इसके अलावा, क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के हिस्से को 177.38 गुना और रिटेल इनवेस्टर्स के हिस्से को 746.57 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।
Rajputana Biodiesel IPO का लेटेस्ट GMP
ग्रे मार्केट में भी राजपूताना बॉयोडीजल के आईपीओ को निवेशकों का मजबूत रिस्पॉन्स मिल रहा है। यह पब्लिक इश्यू अनलिस्टेड मार्केट में 100 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस हिसाब से कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 230 रुपये के भाव पर होने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को 76.92 फीसदी का तगड़ा मुनाफा होगा। हालांकि, ध्यान रहे कि ग्रे मार्केट की स्थिति लगातार बदलती रहती है।
Rajputana Biodiesel IPO की डिटेल्स
राजपूताना बॉयोडीजल का ₹24.70 करोड़ के आईपीओ में ₹123-₹130 के प्राइस बैंड और 1000 शेयरों के लॉट में पैसे लगा सकते हैं। आईपीओ के तहत शेयरों का अलॉटमेंट 29 नवंबर को फाइनल होगा और फिर NSE SME पर 3 दिसंबर को एंट्री होगी। इश्यू का रजिस्ट्रार माशीतला सिक्योरिटीज है। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 19 लाख नए शेयर जारी होंगे। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी सब्सिडियरी मेरठ में स्थित सब्सिडियरी निर्वाणराज एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड को अपनी मैनुफैक्चरिंग फैसिलिटी का विस्तार करने के लिए लोन देने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने, और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।
Rajputana Biodiesel के बारे में
वर्ष 2016 में बनी राजपूताना बॉयोडीजल बॉयोफ्यूल्स के साथ-साथ ग्लिसरीन और फैटी एसिड्स जैसे उनके बाय-प्रोडक्ट्स तैयार करती है। इसकी प्रोडक्शन फैसिलिटी राजस्थान के फुलेरा के जी24 रिको इंडस्ट्रियल एरिया में है। इसकी प्रोडक्शन कैपिसिटी फिलहाल प्रतिदिन 24 किलोलीटर की है और मंजूरी इसे 30 किलोलीटर की मिली हुई है। इसके प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में बॉयोडीजल, क्रूड ग्लिसरीन, कास्टिक पोटाश फ्लेक्स, वेस्ट स्लज, यूज्ड कुकिंग ऑयल, एस्टेरायड फैटी एसिड, मेथेनॉल, सिट्रिक एसिड, रिफाइंड राइस ऑयल, क्रूड सनफ्लॉवर ऑयल, सोडियम मेथाक्साइड, आरबीएम पाम स्टेरिन हैं।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2022 में इसे 19.97 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2023 में उछलकर 1.69 करोड़ रुपये, वित्त वर्ष 2024 में 4.52 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना 75 फीसदी से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर 53.68 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2024-25 की बात करें तो अप्रैल-जुलाई में इसे 2.60 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 27.79 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हो चुका है।