दिवंगत निवेशक राकेश झुनझुनवाला (Rakesh Jhunjhunwala) के निवेश वाली कंपनी आईकेएस हेल्थ (IKS Health) अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लाने के लिए अगले महीने मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) के पास ड्राफ्ट पेपर जमा करने की तैयारी में है। राकेश झुनझुनवाला ने अपनी इनवेस्टमेंट फर्म रेयर एंटरप्राइजेज (Rare Enterprises) के जरिए IKS हेल्थ में निवेश किया था। हमारे सहयोगी चैनल CNBC-TV18 ने सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, IKS Health जनवरी 2023 में अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) लॉन्च करने की योजना में है। IKS Health एक हेल्थकेयर सॉल्यूशंस ऑपरेटर है, जो अस्पतालों को संसाधनों को बेहतर तरीके से मैनेज करने में मदद करती है।
सूत्रों के मुताबिक, कपनी करीब 15 फीसदी शेयर जारी कर बाजार से 2,500 करोड़ रुपये जुटा सकती है। हालांकि यह इश्यू पूरी तरह से ऑफर-फॉर सेल (OFS) होगा और इसमें कोई नया शेयर नहीं जारी किया जाएगा।
बता दें कि राकेश झुनझुनवाला की इनवेस्टमेंट फर्म रेयर एंटरप्राइजेज के पास IKS हेल्थ की 54 फीसदी हिस्सेदारी है। इसके बोर्ड मेंबर में रेयर एंटरप्राइजेज के एमडी और सीईओ उत्पल सेठ और रेयर एंटरप्राइजेज के रिसर्च एंड इनवेस्टमेंट हेड अमित गोएला शामिल है।
इससे पहले मनीकंट्रोल ने सोमवार 22 अगस्त को एक रिपोर्ट में बताया था कि राकेश झुनझुनवाला की असमय मृत्यु के बाद उनके दशकों पुराने दोस्त और बाजार के एक अन्य दिग्गज निवेशक राधाकिशन दमानी रेयर एंटरप्राइजेज के मुख्य ट्रस्टी बन सकते हैं।
इसके अलावा दो अन्य ट्रस्टियों में कल्पराज धारांशी (Kalparaj Dharamshi) और अमल पारिख का नाम शामिल हैं। ये दोनों भी झुनझुनवाला के खासे भरोसेमंद साथी रहे हैं। वहीं रेयर एंटरप्राइजेज (Rare Enterprises) का प्रबंधन राकेश झुनझुनवाला के दो सहयोगी उत्पल सेठ और अमित गोएला पहले की तरह करते रहेंगे।
बता दें कि भारत के दिग्गज निवेशक और शेयर बाजार के बिग बुल कहे जाने वाले Rakesh Jhunjhunwala का 14 अगस्त को निधन हो गया। वह मुख्य रूप से अपनी वाइफ और तीन बच्चों के लिए लिस्टेड और अनलिस्टेड कंपनियों में निवेश सहित अरबों की एसेट छोड़ गए हैं। फोर्ब्स के मुताबिक, झुनझुनवाला देश के 48वें सबसे अमीर शख्स थे।