Ratnaveer Precision Engineering IPO : सब्सक्रिप्शन के मामले में हाल ही में कई आईपीओ को निवेशकों की शानदार प्रतिक्रिया मिली है। इस लिस्ट में अब रत्नवीर प्रिसिजन इंजीनियरिंग का आईपीओ भी शामिल हो गया है। दरअसल, आज सब्सक्रिप्शन के अंतिम दिन अब तक यह इश्यू 92.85 गुना सब्सक्राइब हो गया है। आईपीओ को 1.09 अरब शेयरों के लिए बोलियां मिल गई हैं, जबकि ऑफर पर 1.17 करोड़ शेयर हैं। कंपनी ने अपने आईपीओ के लिए प्रति शेयर 93 से 98 रुपये का प्राइस बैंड तय किया है। इसके जरिए 165.03 करोड़ रुपये जुटाने का प्लान है।
क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) - 133.05 गुना
रिटेल इन्वेस्टर्स - 51.90 गुना
(BSE, 6 सितंबर 2023, 03:48:00 PM)
कंपनी आईपीओ के तहत 35.24 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करेगी। वहीं प्रमोटर विजय रमनलाल सांघवी की ओर से 29.79 करोड़ रुपये का ऑफर-फॉर-सेल (OFS) शामिल है। आईपीओ का 50 फीसदी हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए रखा जाएगा। एंकर निवेशकों को इसी QIB के हिस्से में शेयर आवंटित किए जाएंगे। इसके अलावा 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) के लिए आरक्षित रखा जाएगा, जबकि बाकी 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित होगा।
गुजरात मुख्यालय वाली रत्नवीर प्रिसिजन इंजीनियरिंग के IPO के लिए निवेशक लॉट के हिसाब से बोली लगा सकते है। एक लॉट में कंपनी के 150 शेयर होंगे। इस तरह रिटेल निवेशकों को न्यूनतम 1 लॉट (150 शेयर) की बोली लगाने के लिए 14,700 रुपये का निवेश करना होगा। रिटेल निवेशक अधिकतम 13 लॉट के लिए बोली लगा सकते हैं और इसके लिए 1,91,100 रुपये निवेश करना होगा।
रत्नवीर गुजरात में चार मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स के माध्यम से अपना बिजनेस ऑपरेट करता है। कंपनी यूनिट-I में फिनिशिंग शीट, वॉशर और सोलर माउंटिंग हुक और यूनिट-II में एसएस पाइप और ट्यूब बनाती है। यूनिट-III और यूनिट-IV का उपयोग बैकवर्ड इंटीग्रेशन प्रोसेस के लिए किया जाता है। इसमें यूनिट-III मेल्टिंग यूनिट है और यूनिट-IV रोलिंग यूनिट है।