Reva Diamond IPO: एंकर निवेशकों से जुटाए ₹171 करोड़, आज से पब्लिक के लिए खुलेगा ₹380 करोड़ का इश्यू; जानिए पूरी डिटेल्स

Reva Diamonds IPO: कंपनी का ₹380 करोड़ का यह पब्लिक इश्यू आज से आम निवेशकों के लिए खुलेगा। हीरे और कीमती पत्थरों के आभूषण बनाने वाली इस कंपनी ने 16 एंकर निवेशकों को ₹386 प्रति शेयर के भाव पर कुल 44.19 लाख शेयर आवंटित किए हैं

अपडेटेड Feb 24, 2026 पर 8:25 AM
Story continues below Advertisement
एंकर बुकिंग में 'टाटा इंडिया कंज्यूमर फंड' ने ₹40 करोड़ का निवेश कर सबसे ज्यादा 10.36 लाख शेयर खरीदे हैं

Reva Diamond IPO: पी एन गाडगिल एंड संस ग्रुप की कंपनी Reva Diamond Jewellery अपना आईपीओ लेकर आ रही है। अपने आईपीओ के खुलने से एक दिन पहले ही एंकर निवेशकों के जरिए ₹170.58 करोड़ की बड़ी रकम जुटा ली है। कंपनी का ₹380 करोड़ का यह पब्लिक इश्यू आज से आम निवेशकों के लिए खुलेगा। हीरे और कीमती पत्थरों के आभूषण बनाने वाली इस कंपनी ने 16 एंकर निवेशकों को ₹386 प्रति शेयर के भाव पर कुल 44.19 लाख शेयर आवंटित किए हैं।

दिग्गज निवेशकों का भरोसा

कंपनी के एंकर बुक में कई बड़े घरेलू और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों ने दिलचस्पी दिखाई है। 'टाटा इंडिया कंज्यूमर फंड' ने ₹40 करोड़ का निवेश कर सबसे ज्यादा 10.36 लाख शेयर खरीदे हैं। टाइगर स्ट्रैटेजीज फंड और सेजवन फ्लैगशिप ग्रोथ फंड ने क्रमशः ₹24 करोड़ और ₹20 करोड़ का निवेश किया है। इसके अलावा सिटीग्रुप ग्लोबल, सोसायटी जनरल और ग्रो म्यूचुअल फंड जैसे दिग्गज भी इस लिस्ट में शामिल हैं।


IPO की पूरी डिटेल्स

महत्वपूर्ण तारीख: 24 से 26 फरवरी

प्राइस बैंड: ₹367 से ₹386 प्रति शेयर

अलॉटमेंट: 27 फरवरी

लिस्टिंग: 4 मार्च

Reva Diamond Jewellery के आईपीओ के एक लॉट में 32 शेयर रखे गए है। एक रिटेल निवेशक को कम से कम एक लॉट के लिए ₹12,352 का निवेश करना होगा। वहीं, छोटे गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए न्यूनतम 17 लॉट (544 शेयर) की सीमा है, जिसके लिए ₹2,09,984 की आवश्यकता होगी, और बड़े गैर-संस्थागत निवेशकों को कम से कम 81 लॉट (2,592 शेयर) के लिए ₹10,00,512 निवेश करने होंगे।

कहां खर्च होगा आईपीओ से जुटाया गया पैसा?

कंपनी ने आईपीओ से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल नए स्टोर्स का विस्तार, मार्केटिंग और ब्रांडिंग के लिए एकिया जाएगा। करीब ₹286.5 करोड़ का उपयोग देशभर में 15 नए ब्रांड-एक्सक्लूसिव स्टोर खोलने के लिए किया जाएगा। इसके साथ ही नए स्टोर्स के प्रचार-प्रसार और मार्केटिंग खर्चों के लिए ₹35.4 करोड़ आवंटित किए गए हैं। शेष राशि का उपयोग सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

बता दें कि वर्तमान में कंपनी के पास कुल 34 स्टोर हैं, जिनमें से ज्यादातर 'फ्रेंचाइजी' मॉडल पर आधारित हैं। इस आईपीओ के जरिए कंपनी अपनी बाजार हिस्सेदारी को और मजबूत करने की तैयारी में है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।