RK Swamy IPO: मार्केटिंग सर्विस मुहैया कराने वाली कंपनी आरके स्वामी (RK Swamy) ने शुक्रवार 1 मार्च को एंकर निवेशकों से 187.22 करोड़ रुपये जुटाए। कंपनी ने यह निवेश अपना इनीशियल पब्लिक ऑफर (IPO) खुलने से ठीक पहले जुटाया है। RK स्वामी का आईपीओ अगले हफ्ते 4 मार्च को बोली के लिए खुलेगा और 6 मार्च को बंद होगा। कंपनी अपने आईपीओ से कुल 424 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है।
कंपनी की IPO समिति ने एंकर निवेशकों को 288 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के भाव पर 65,00,937 शेयर आवंटित करने को मंजूरी दी है। एंकर इश्यू में, निप्पॉन लाइफ इंडिया सबसे बड़ी इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर बनकर उभरी। उसने करीब 50.03 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे हैं। वहीं इसके बाद आदित्य बिड़ला सन लाइफ इंश्योरेंस कंपनी का नंबर है, जिसने करीब 20 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।
एंकर बुक में भाग लेने वाले अन्य प्रमुख निवेशकों में सोसाइटी जेनरल, सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स, कॉप्थॉल मॉरीशस इन्वेस्टमेंट, गोल्डमैन सैक्स, BNP पारिबा फाइनेंशियल मार्केट्स, LIC म्यूचुअल फंड, पाइनब्रिज ग्लोबल फंड्स, बजाज एलियांज लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, जेएम फाइनेंशियल म्यूचुअल फंड और SBI जनरल इंश्योरेंस आदि शामिल हैं।
RK स्वामी ने शेयर बाजारों को भेजी एक सूचना में कहा, "एंकर बुक में कुल 3 म्यूचुअल फंडों ने भी अपनी 7 स्कीमों के जरिए निवेश किया है।"
कंपनी अपने आईपीओ से कुल 424 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी है। इसमें नए शेयरों के जरिए 173 करोड़ रुपये जुटाए जाएंगे। वहीं बाकी 250.56 करोड़ रुपये के शेयर (87 लाख शेयर) को कंपनी के प्रमोटरों और शेयरधारकों की ओर से बिक्री के लिए रखे जाएंगे। इनमें प्रमोटर श्रीनिवासन के स्वामी, और नरसिम्हन कृष्णास्वामी और निवेशक पायनियर फंड LP और प्रेम मार्केटिंग वेंचर्स LLP ओएफएस शामिल हैं।
आईपीओ के लिए 270-288 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। निवेशक न्यूनतम 50 इक्विटी शेयरों के लिए और उसके बाद 50 शेयरों के मल्टीपल में बोली लगा सकते हैं। यह कंपनी क्रिएटिव, मीडिया, डेटा एनालिटिक्स और मार्केट रिसर्च से जुड़ी सेवाओं के लिए सिंगल-विंडो सॉल्यूशंस मुहैया कराती है।