Rockingdeals IPO Last Day Subscription: कंपनियों का एक्स्ट्रा माल खरीदने वाली रॉकिंगडील्स सर्कुलर इकनॉमी के आईपीओ के सब्सक्रिप्शन का आज आखिरी दिन है। 21 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में निवेशकों ने भर-भरकर पैसे लगाए। यह इश्यू सब्सक्रिप्शन के लिए 22 नवंबर को खुला था और अब तक 213 गुना से अधिक सब्सक्राइब हो चुका है। ग्रे मार्केट में बात करें तो इसके शेयर आईपीओ के अपर प्राइस बैंड से 55 रुपये यानी 39.29 फीसदी की GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) पर हैं। हालांकि एक्सपर्ट्स के मुताबिक ग्रे मार्केट से मिले संकेतों की बजाय कंपनी के फंडामेंटल्स और फाइनेंशियल्स के आधार पर निवेश से जुड़ा फैसला लेना चाहिए।
Rockingdeals 3rd Day Subscription: कैटेगरीवाइज स्थिति
क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (QIB): 47.38 गुना
खुदरा निवेशक: 201.42 गुना
Rockingdeals Circular Economy IPO की डिटेल्स
रॉकिंगडील्स सर्कुलर इकनॉमी का 21 करोड़ रुपये का आईपीओ 22-24 नवंबर के बीच खुला रहा। इस आईपीओ के लिए 136-140 रुपये का प्राइस बैंड और 1000 शेयरों का लॉट फिक्स किया गया। शेयरों का अलॉटमेंट 28 नवंबर को फाइनल होगा और फिर NSE SME पर शेयरों की 30 नवंबर को एंट्री होगी। इश्यू के लिए रजिस्ट्रार बिगशेयर सर्विसेज है। इस इश्यू के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 15 लाख नए शेयर जारी होंगे। नए शेयरों के जरिए जो पैसे कंपनी को मिलेंगे, उसका इस्तेमाल ब्रांडिंग, वर्किंग कैपटिल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में होगा।
Rockingdeals Circular Economy की डिटेल्स
वर्ष 2005 में बनी रॉकिंगडील्स सर्कुलर इकॉनमी रिफर्बिश्ड, बचे हुए माल और खुले पैक वाले माल की बल्क में ट्रेडिंग करती है। कंपनियां अपना बचा हुआ एक्स्ट्रा स्टॉक इसे बेचकर अपना स्पेस और रिसोर्सेज बचाती है और एक तरह से यह बायर्स और सेलर्स दोनों के लिए फायदे का सौदा साबित होती हैं। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2021 में इसे 1.48 लाख रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था जबकि अगले वित्त वर्ष 2022 में इसे 14.37 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ जो वित्त वर्ष 2023 में तेजी से उछलकर 1.54 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस वित्त वर्ष की बात करें तो पहली तिमाही अप्रैल-जून 2023 में इसे 1.25 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हासिल हुआ था।