RR Kabel IPO : 20 सितंबर को 10-15% प्रीमियम पर लिस्ट हो सकती है कंपनी, जानिए क्या है एक्सपर्ट्स की राय

RR Kabel IPO : इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और 13-15 सितंबर के दौरान यह ओवरऑल 18.69 गुना सब्सक्राइब हुआ था। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स का हिस्सा 52.26 गुना सब्सक्राइब हुआ है। इसके लिए कंपनी ने 983-1035 रुपये का प्राइस बैंड तय किया था

अपडेटेड Sep 19, 2023 पर 4:01 PM
RR Kabel के शेयर कल यानी 20 सितंबर को लिस्ट होने वाले हैं।

RR Kabel IPO : कंज्यूमर इलेक्ट्रिकल प्रोडक्ट बनाने वाली कंपनी RR Kabel के शेयर कल यानी 20 सितंबर को लिस्ट होने वाले हैं। इस आईपीओ को निवेशकों का तगड़ा रिस्पांस मिला और यह 18 गुना से अधिक सब्सक्राइब हुआ है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि आईपीओ को निवेशकों से मिली शानदार प्रतिक्रिया और इक्विटी मार्केट में पॉजिटिव सेंटीमेंट के चलते मजबूत लिस्टिंग की संभावना है। ऐसे में लिस्टिंग पर निवेशकों को 10-15 फीसदी तक का मुनाफा हो सकता है। हालांकि, एक्सपर्ट्स ने यह भी कहा कि कमजोर वित्तीय स्थिति और ऑफर में 90 फीसदी ओएफएस हिस्से के चलते इस स्टॉक में दबाव भी देखने को मिल सकता है।

निवेशकों ने जमकर लगाया पैसा

इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और 13-15 सितंबर के दौरान यह ओवरऑल 18.69 गुना सब्सक्राइब हुआ था। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स का हिस्सा 52.26 गुना सब्सक्राइब हुआ है। इसके अलावा, हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल का हिस्सा 13.23 गुना और रिटेल निवेशकों का हिस्सा 2.13 गुना सब्सक्राइब हुआ है। कंपनी आईपीओ के जरिए 1964 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इसके लिए कंपनी ने 983-1035 रुपये का प्राइस बैंड तय किया था।


एक्सपर्ट्स की राय

ग्रे मार्केट में यह आईपीओ 10 फीसदी प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। स्टॉकबॉक्स के रिसर्च एनालिस्ट ध्रुव मुदारड्डी ने कहा, आरआर काबेल आईपीओ को करीब 19 गुना सब्सक्रिप्शन हासिल हुआ है। हम उम्मीद करते हैं कि शेयर बाजार में लिस्ट होने पर शेयर 1,035 रुपये प्रति शेयर के इश्यू प्राइस पर करीब 15 फीसदी के प्रीमियम पर खुलेंगे। इसी तरह हेम सिक्योरिटीज की सीनियर रिसर्च एनालिस्ट आस्था जैन को लिस्टिंग प्रीमियम 10-11 फीसदी रहने की उम्मीद है।

20 सितंबर को लिस्ट होगी कंपनी

इसके शेयरों की बीएसई और एनएसई पर एंट्री के लिए पहले 26 सितंबर का डेट फिक्स था। हालांकि अब फैसला किया गया है कि इसे 20 सितंबर को ही लिस्ट किया जाएगा यानी पूर्व निर्धारित योजना से करीब 6 दिन पहले। बीएसई पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक आरआर कबेल के शेयरों की 20 सितंबर 2023 को मार्केट में एंट्री होगी। कंपनी ने यह फैसला सेबी के नियमों के मुताबिक लिया है। बाजार नियामक सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) ने 28 जून को लिस्टिंग के लिए जो पीरियड था, उसे T+6 से घटाकर T+3 करने का ऐलान किया था। यहां T का मतलब है कि जिस दिन आईपीओ बंद होगा।

सेबी के फैसले के मुताबिक 1 सितंबर या इसके बाद आईपीओ लाने वाली कंपनियों की इच्छा पर होगा कि वह नए नियम से लिस्टिंग करती है या नहीं और 1 दिसंबर 2023 या इसके बाद जो आईपीओ आएगा, उसमें नया नियम ही लागू होगा। अब इस नए नियम से शेयरों की लिस्टिंग करने वाली आरआर कबेल पहली कंपनी बनने जा रही है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।