RR Kabel IPO : वायर, केबल बनाने वाली कंपनी के आईपीओ को सेबी की मंजूरी, जानिए डिटेल

RR Kabel IPO : इस आईपीओ के तहत 225 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, कंपनी के प्रमोटरों और निवेशक टीपीजी द्वारा 1.72 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी। कंपनी ने मई 2023 में सेबी के पास ड्राफ्ट पेपर दाखिल किया था

अपडेटेड Aug 29, 2023 पर 7:55 PM
RR Kabel के आईपीओ को मार्केट रेगुलेटर सेबी की मंजूरी मिल गई है।

RR Kabel IPO : वायर और केबल बनाने वाली कंपनी RR Kabel के आईपीओ को मार्केट रेगुलेटर सेबी की मंजूरी मिल गई है। इस आईपीओ के तहत 225 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, कंपनी के प्रमोटरों और निवेशक टीपीजी द्वारा 1.72 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी। कंपनी ने मई 2023 में सेबी के पास ड्राफ्ट पेपर दाखिल किया था। सेबी ने 24 अगस्त को ऑब्जर्वेशन लेटर जारी किया है। किसी भी कंपनी के लिए आईपीओ लाने से पहले ऑब्जर्वेशन लेटर हासिल करना जरूरी होता है।

आईपीओ से जुड़ी डिटेल

अमेरिका स्थित प्राइवेट इक्विटी फर्म टीपीजी एशिया VII एसएफ पीटीई लिमिटेड ओएफएस के माध्यम से 1.29 करोड़ इक्विटी शेयर बेचेगी। ड्राफ्ट पेपर्स के मुताबिक, कंज्यूमर इलेक्ट्रिकल कंपनी में इसकी 20 फीसदी हिस्सेदारी या 2.33 करोड़ इक्विटी शेयर हैं।


कहां होगा फंड का इस्तेमाल

वायर और केबल प्रोडक्ट ब्रांड RR Kabel आईपीओ से मिलने वाले फंड का इस्तेमाल कर्ज चुकाने के लिए करेगी। इसके लिए 170 करोड़ रुपये लगेंगे। इसके अलावा, शेष धनराशि का उपयोग सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। एक्सिस कैपिटल, एचएसबीसी सिक्योरिटीज एंड कैपिटल मार्केट्स (इंडिया), सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स इंडिया और जेएम फाइनेंशियल इस इश्यू के मर्चेंट बैंकर हैं।

कंपनी के बारे में

RR Kabel ने भारतीय कंज्यूमर इलेक्ट्रिकल इंडस्ट्री (तार और केबल और इलेक्ट्रिकल गूड्स सेगमेंट) में लीडिंग कंपनियों में से एक होने का दावा किया। FY22 में इंडियन कंज्यूमर इलेक्ट्रिकल इंडस्ट्री का अनुमान 1.61 लाख करोड़ रुपये था और FY27 तक 11 फीसदी की कंपाउंडेड एनुअल ग्रोथ रेट (CAGR) से बढ़कर लगभग 2.66 लाख करोड़ रुपये की मार्केट वैल्यू तक पहुंचने की उम्मीद है। कंपनी अपनी तुलना हैवेल्स इंडिया, पॉलीकैब इंडिया, केईआई इंडस्ट्रीज, फिनोलेक्स केबल्स और वी-गार्ड इंडस्ट्रीज जैसी लिस्टेड कंपनियों से करती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।