Sahaj Fashions IPO : अंतिम दिन निवेशकों की शानदार प्रतिक्रिया, 7.75 गुना सब्सक्राइब हुआ इश्यू

Sahaj Fashions IPO : अनलिस्टेड मार्केड में Sahaj Fashions के शेयर 1 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। इसका मतलब है कि कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 31 रुपये के भाव पर हो सकती है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को 3.33 फीसदी का मुनाफा होगा

अपडेटेड Aug 29, 2023 पर 6:01 PM
Sahaj Fashions IPO : सहज फैशन्स के आईपीओ को निवेशकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है।

Sahaj Fashions IPO : सहज फैशन्स के आईपीओ को निवेशकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। सब्सक्रिप्शन के अंतिम दिन अब तक यह इश्यू 7.75 गुना सब्सक्राइब हो गया है। इसमें रिटेल निवेशकों ने जमकर दांव लगाया है। आईपीओ को 3.38 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुई हैं, जबकि ऑफर पर 46.52 लाख शेयर हैं। कंपनी इश्यू के जरिए 13.96 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है। इसके लिए 30 रुपये प्रति शेयर का प्राइस तय किया गया है।

अलग-अलग कैटेगरी का हाल

इस आईपीओ में सबसे ज्यादा दांव रिटेल निवेशकों ने लगाया है। उनके लिए रिजर्व हिस्से को 11.71 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। नॉन इंस्टीट्यूशन इन्वेस्टर्स के हिस्से को 3.77 गुना सब्सक्राइब किया गया है। कंपनी ने 46.52 लाख शेयरों के इश्यू में से 2.36 लाख शेयर मार्केट मेकर के लिए आरक्षित रखे हैं। इसके साथ, नेट इश्यू 44.16 लाख शेयरों का है। इश्यू का आधा हिस्सा खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है।


ग्रे मार्केट का अपडेट

अनलिस्टेड मार्केड में Sahaj Fashions के शेयर 1 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। इसका मतलब है कि कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 31 रुपये के भाव पर हो सकती है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को 3.33 फीसदी का मुनाफा होगा।

आईपीओ से जुड़ी डिटेल

कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग NSE SME प्लेटफॉर्म पर 6 सितंबर को होगी। इस इश्यू के तहत 30 रुपये के प्राइस और 4000 शेयरों के लॉट में पैसे लगा सकते हैं। आईपीओ की सफलता के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 1 सितंबर को फाइनल होगा।

आईपीओ के तहत कंपनी 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 44.76 लाख नए शेयर जारी करेगी और ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहक 1.76 लाख शेयरों की बिक्री होगी। नए शेयरों को जारी कर जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल मार्जिन मनी समेत वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने, कर्ज चुकाने, आम कॉरपोरेट उद्देश्यों और इश्यू से जुड़े खर्चों को भरने में होगा।

Sahaj Fashions की डिटेल्स

सहज फैशन्स कपड़े, होम फर्निशिंग और इंडस्ट्रियल इस्तेमाल के लिए फैब्रिक बनाती है। इसका मैनुफैक्चरिंग प्लांट अजमेर में स्थित है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो इसका शुद्ध मुनाफा लगातार बढ़ा है। वित्त वर्ष 2020 में इसे 27.19 लाख रुपये का नेट प्रॉफिट हासिल हुआ था जो अगले ही वित्त वर्ष 2021 में बढ़कर 31.90 लाख रुपये, वित्त वर्ष 2022 में 42.64 लाख रुपये और वित्त वर्ष 2023 में 2.89 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हासिल हुआ था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।