Sai Silks IPO : पारंपरिक परिधानों की विक्रेता साई सिल्क्स (कलामंदिर) लिमिटेड को मार्केट रेगुलेटर सेबी से IPO के जरिये 1,200 करोड़ रुपये जुटाने की मंजूरी मिल गई है। सेबी के पास जमा ड्राफ्ट प्रॉस्पेक्टस (DRHP) के मुताबिक, IPO के तहत 600 करोड़ रुपये मूल्य के नए शेयर जारी किए जाने के साथ ही प्रमोटर्स की तरफ से 1,80,48,440 इक्विटी शेयरों की बिक्री के लिए ऑफर फॉर सेल (offer for sale) भी लाया जाएगा। पीटीआई के मुताबिक, सेबी ने मंगलवार को अपनी वेबसाइट पर इस आईपीओ को मंजूरी देने की जानकारी दी। इस तरह IPO लाने का रास्ता साफ हो गया है।
सूत्रों के मुताबिक, इस इश्यू से साई सिल्क्स को करीब 1,200 करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद है। कंपनी नए शेयरों की बिक्री से मिलने वाली राशि का इस्तेमाल 25 नए स्टोर खोलने, दो गोदाम बनाने और वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने में करेगी। कंपनी फिलहाल देश के चार राज्यों- आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु में 50 स्टोर संचालित कर रही है।
बीएसई-एनएसई पर लिस्टिंग की योजना
सेबी के मुताबिक, कंपनी ने जुलाई में सेबी को आईपीओ पेपर सौंपे थे और 7 नवंबर को उसे ऑब्जर्वेशन लेटर मिल गया। इस लेटर को आईपीओ के लिए मंजूरी माना जाता है।
मोतीलाल ओसवाल इनवेस्टमेंट एडवाइजर्स, एडेलवाइज फाइनेंशियल सर्विसेज और एचडीएफसी बैंक इस इश्यू के लिए बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं। इसके इक्विटी शेयरों को बीएसई और एनएसई पर लिस्ट कराने का प्रस्ताव है।
अपने चार स्टोर फॉर्मेट्स – कलामंदिर, वारा महालक्ष्मी सिल्क्स, मंदिर और केएलएम फैशन मॉल के जरिये साई सिल्क्स बाजार में विभिन्न प्रोडक्ट्स की पेशकश करती है।
KFin Technologies के आईपीओ को भी मिली मंजूरी
इस बीच, एक और कंपनी केफिन टेक्नोलॉजीज (KFin Technologies) ने आईपीओ लाने के लिए सेबी की मंजूरी हासिल कर ली है। फाइनेंशियल सर्विसेज प्लेटफॉर्म केफिन टेक्नोलॉजीज ने 31 मार्च को सेबी के पास आईपीओ दस्तावेज दायर किए थे। कंपनी को 7 नवंबर को ऑब्जर्वेशन लेटर मिला था। 2400 करोड़ रुपये का यह आईपीओ पूरी तरह ऑफर फॉर सेल (OFS) पर बेस्ड है।
दिसंबर को समाप्त नौ महीनों में केफिन का ऑपरेशन से राजस्व 458 करोड़ रुपये रहा और 97.6 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हुआ। कंपनी के राजस्व में सालाना आधार पर 35 फीसदी और प्रॉफिट में 313 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज, कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी, जेपी मॉर्गन इंडिया, आईआईएफएल सिक्योरिटीज और जेफरीज इंडिया इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं।