Samhi Hotels IPO : समही होटल्स का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 14 सितंबर को खुलने वाला है। कंपनी ने अब तक प्राइस बैंड की घोषणा नहीं की है। हालांकि, सूत्रों ने मनीकंट्रोल को बताया कि इश्यू साइज करीब 1400 करोड़ रुपये होने की संभावना है। इस ऑफर के तहत 1200 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, तीन शेयरधारकों द्वारा 1.35 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी।
फ्रेश इश्यू साइज को पहले के 1000 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 1200 करोड़ रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा, OFS साइज भी 90 लाख शेयरों से बढ़ाकर 1.35 करोड़ शेयर कर दिया गया है। इक्विटी इंटरनेशनल फंड वी के स्वामित्व वाली सिंगापुर स्थित ब्लू चंद्रा पीटीई लिमिटेड ओएफएस में 84.28 लाख इक्विटी शेयर बेचेगी। वहीं, गोल्डमैन सैक्स इन्वेस्टमेंट होल्डिंग्स (एशिया) 49.31 लाख शेयर और जीटीआई कैपिटल अल्फा 1.4 लाख शेयर ओएफएस के जरिए में बेचेगी।
कहां होगा फंड का इस्तेमाल
नेट फ्रेश इश्यू से होने वाली आय में से 900 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी द्वारा मुख्य रूप से कर्ज चुकाने के लिए किया जाएगा। वहीं, शेष फंड का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए होगा। ओएफएस का पैसा सेलिंग शेयरहोल्डर्स को मिलेगा। जून 2023 तक कंपनी पर कंसोलिडेटेड आधार पर 2812.5 करोड़ रुपये का बकाया था, जिसमें 142.9 करोड़ रुपये की FCCD भी शामिल है।
Samhi Hotels ने इश्यू साइज का 75 फीसदी क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 15 फीसदी हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल के लिए और शेष 10 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित किया है। ऑफर 18 सितंबर को बंद हो जाएगा। एंकर निवेशकों के लिए यह इश्यू एक दिन पहले यानी 13 सितंबर को खुलेगा।
सब्सक्रिप्शन के बाद सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट 22 सितंबर को होगा। 26 सितंबर को सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। वहीं, 25 सितंबर को असफल निवेशकों के लिए रिफंड की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। शेड्यूल के मुताबिक कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग BSE और NSE पर 27 सितंबर को होगी। जेएम फाइनेंशियल और कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी इस इश्यू के मर्चेंट बैंकर हैं, जबकि केफिन टेक्नोलॉजीज रजिस्ट्रार हैं।
वित्तीय स्थिति के अनुसार अब तक यह घाटे में चल रही कंपनी है, हालांकि हर साल यह अपने घाटे को कम करने में कामयाब रही है। मार्च FY23 को समाप्त वर्ष के लिए कंसोलिडेटेड नेट लॉस 338.6 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वर्ष के 443.25 करोड़ रुपये से कम है। परिचालन से कंसोलिडेटेड राजस्व FY23 में 129 फीसदी बढ़कर 738.6 करोड़ रुपये हो गया, जबकि EBITDA 11.4 करोड़ रुपये से लगभग 21 गुना बढ़कर 237.7 करोड़ रुपये हो गया। इसी अवधि के दौरान मार्जिन 3.54 फीसदी से तेजी से बढ़कर 32.2 फीसदी हो गया।