Sanathan Textiles IPO: पॉलिएस्टर और कॉटन यार्न प्रोडक्ट्स बनाने वाली कंपनी सनाथन टेक्सटाइल्स ने एंकर बुक के जरिए 165 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं। कंपनी ने यह रकम आज 18 नवंबर को आईपीओ खुलने से एक दिन पहले 14 इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स से जुटाई है। कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, "एंकर निवेशकों को 321 रुपये प्रति इक्विटी शेयर के हिसाब से 51.4 लाख इक्विटी शेयर आवंटित किए गए हैं।" इस आईपीओ में 19 दिसंबर से 23 दिसंबर तक निवेश का मौका रहेगा।
Sanathan Textiles IPO: इन एंकर निवेशकों ने लगाया दांव
पाइनब्रिज ग्लोबल फंड्स, एसबीआई जनरल इंश्योरेंस, सोसाइटी जनरल, एडलवाइस ट्रस्टीशिप, व्हाइटओक कैपिटल और अशोका इंडिया इक्विटी इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट जैसे प्रमुख इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स ने एंकर बुक में हिस्सा लिया।
एसबीआई म्यूचुअल फंड, निप्पॉन लाइफ इंडिया, एचडीएफसी म्यूचुअल फंड, कोटक महिंद्रा एएमसी, मोतीलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड, बंधन म्यूचुअल फंड और एलआईसी म्यूचुअल फंड जैसे घरेलू फंड हाउस ने भी कंपनी में निवेश किया है। कंपनी ने कहा, "एंकर निवेशकों को आवंटित 51.4 लाख शेयरों में से 38.16 लाख शेयर 9 घरेलू म्यूचुअल फंड को आवंटित किए गए, जिन्होंने अपनी 14 स्कीम के माध्यम से आवेदन किया है।"
Sanathan Textiles IPO के बारे में
सनाथन टेक्सटाइल्स आईपीओ के जरिए 550 करोड़ रुपये जुटाएगी। दाखिल आरएचपी के अनुसार आईपीओ में 400 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा प्रमोटरों (दत्तानी परिवार) द्वारा 150 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए की जाएगी।
Sanathan Textiles IPO का लेटेस्ट GMP
ग्रे मार्केट में यह आईपीओ महज 30 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इस हिसाब से कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 351 रुपये के भाव पर होने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को 9.35 फीसदी का मुनाफा होगा। हालांकि, ग्रे मार्केट की स्थिति लगातार बदलती रहती है।
Sanathan Textiles कहां करेगी फंड का इस्तेमाल
मुंबई स्थित कंपनी सनाथन टेक्सटाइल्स 300 करोड़ रुपये की आय का इस्तेमाल अपने और सब्सिडियरी कंपनी सनाथन पॉलीकॉट के कर्ज को चुकाने के लिए करेगी। शेष राशि का उपयोग सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा, जबकि ऑफर फॉर सेल का पैसा प्रमोटरों को जाएगा। निवेशक 27 दिसंबर से सनाथन के शेयरों में ट्रेडिंग शुरू कर सकते हैं। डीएएम कैपिटल एडवाइजर्स और ICICI सिक्योरिटीज इस इश्यू के लिए बुक-रनिंग लीड मैनेजर के रूप में काम कर रहे हैं।
Sanathan Textiles का कारोबार
सिलवासा में 2,23,750 MTPA की स्थापित क्षमता के साथ सनाथन टेक्सटाइल्स तीन यार्न बिजनेस वर्टिकल में काम करती है। इसमें पॉलिएस्टर यार्न प्रोडक्ट, कॉटन यार्न प्रोडक्ट, और टेक्निकल टेक्सटाइल और इंडस्ट्रियल उपयोग के लिए यार्न शामिल हैं। पॉलिएस्टर यार्न बिजनेस ने रेवेन्यू में अधिकतम 77 फीसदी और कॉटन यार्न ने लगभग 19 फीसदी का योगदान दिया।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।