SBFC Finance का IPO 3 अगस्त को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला है। निवेशक इस इश्यू में 7 अगस्त तक निवेश कर सकेंगे। इसका मतलब है कि जो निवेशक इस आईपीओ के लिए आवेदन करना चाहते हैं उनके लिए सिर्फ एक ट्रेड सेशन बचा है। इस इश्यू को निवेशकों की शानदार प्रतिक्रिया मिली है और यह अब तक 7.09 गुना सब्सक्राइब हो गया है। इस बीच ग्रे मार्केट में भी इस आईपीओ को लेकर जबरदस्त क्रेज है। कंपनी ने अपने आईपीओ के लिए 54 से 57 रुपये प्रति शेयर का प्राइस तय किया है।
SBFC Finance ने अपने आईपीओ के तहत करीब 13.35 करोड़ शेयरों को बिक्री के लिए रखा है, जिसके बदले में उसे दूसरे दिन बोली खत्म होने तक करीब 94.6 करोड़ शेयरों के लिए सब्सक्रिप्शन मिला। इस तरह SBFC Finance का आईपीओ अभी तक करीब 7.09 गुना सब्सक्राइब हो चुका है। कंपनी को सबसे अधिक बोली नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) से मिली है, जिन्होंने अपने लिए आरक्षित शेयरों का हिस्सा करीब 12.95 गुना सब्सक्राइब किया है। वहीं रिटेल निवेशकों ने अपने कोटे में करीब 4.93 गुना सब्सक्राइब किया है।
क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (QII) ने अपने कोटे के शेयरों के लिए 6.71 गुना बोली लगाई है। कंपनी ने कर्मचारियों के लिए 10.25 करोड़ रुपये के शेयर अलग रखे थे और उन्होंने अपने हिस्से का 2.44 गुना सब्सक्राइब किया है। उन्हें ये शेयर ऑफर प्राइस से 2 रुपये प्रति शेयर की छूट पर मिलेंगे।
ग्रे मार्केट में SBFC Finance के शेयरों की जबरदस्त डिमांड है। आज 6 अगस्त को यह इश्यू अनलिस्टेड मार्केट में 40 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। इसका मतलब है कि कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 97 रुपये के भाव पर हो सकती है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को 70 फीसदी का बंपर मुनाफा होगा।
आईपीओ का आधा हिस्सा QIB के लिए, 15 प्रतिशत NII के लिए और बाकी 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित रखा गया है। SBFC Finance, एक नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी है। इसमें क्लेरमोंट ग्रुप और अर्पवुड ग्रुप ने निवेश किया है। कंपनी की योजना अपने IPO से 1,025 करोड़ रुपये जुटाने की है। कंपनी ने आईपीओ खुलने से एक दिन पहले एंकर निवेशकों से 304.42 करोड़ रुपये जुटाए थे। एंकर निवेशकों को ये शेयर 57 रुपये प्रति शेयर के भाव पर आवंटित किए गए थे।