SBFC Finance IPO : नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी SBFC Finance के आईपीओ को निवेशकों की शानदार प्रतिक्रिया मिली है। सब्सक्रिप्शन के अंतिम दिन तक यह इश्यू 70.16 गुना सब्सक्राइब हुआ है। अब निवेशकों की निगाह शेयर अलॉटमेंट और लिस्टिंग पर है। आईपीओ शेड्यूल के मुताबिक सफल निवेशकों को शेयरों का अलॉटमेंट 10 अगस्त को होगा। वहीं, असफल निवेशकों के लिए रिफंड की प्रक्रिया 11 अगस्त को शुरू होगी। निवेशकों के डीमैट अकाउंट में 14 अगस्त को शेयर क्रेडिट हो जाएंगे। वहीं, लिस्टिंग की तारीख 16 अगस्त है। इस बीच ग्रे मार्केट में इस आईपीओ को लेकर क्रेज अभी भी बना हुआ है।
70.16 गुना सब्सक्राइब हुआ इश्यू
SBFC Finance का आईपीओ 3-7 अगस्त के दौरान 70.16 गुना सब्सक्राइब हुआ है। इश्यू को कुल 936.76 करोड़ शेयरों के लिए बोलियां मिली है, जबकि ऑफर पर 13.35 करोड़ शेयर हैं। इस इश्यू में सबसे अधिक क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) ने दिलचस्पी दिखाई है और उनके लिए रिजर्व हिस्सा 192.9 गुना सब्सक्राइब हुआ है। वहीं, हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल के हिस्से को 49.09 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। खुदरा निवेशकों का हिस्सा 10.99 गुना और कर्मचारियों के लिए रिजर्व हिस्सा 5.87 गुना बुक किया गया है।
ग्रे मार्केट में जबरदस्त क्रेज
SBFC Finance के शेयरों की ग्रे मार्केट में जबरदस्त डिमांड है। आज 8 अगस्त को यह इश्यू अनलिस्टेड मार्केट में 40 रुपये के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहा है। बता दें कि कंपनी ने अपने आईपीओ के लिए 54 से 57 रुपये प्रति शेयर का प्राइस तय किया है। इस हिसाब से कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 97 रुपये के भाव पर होने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो निवेशकों को 70 फीसदी का बंपर मुनाफा होगा।
आईपीओ का आधा हिस्सा QIB के लिए, 15 प्रतिशत NII के लिए और बाकी 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल निवेशकों के लिए आरक्षित रखा गया है। SBFC Finance, एक नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी है। इसमें क्लेरमोंट ग्रुप और अर्पवुड ग्रुप ने निवेश किया है। कंपनी की योजना अपने IPO से 1,025 करोड़ रुपये जुटाने की है। कंपनी ने आईपीओ खुलने से एक दिन पहले एंकर निवेशकों से 304.42 करोड़ रुपये जुटाए थे। एंकर निवेशकों को ये शेयर 57 रुपये प्रति शेयर के भाव पर आवंटित किए गए थे।