Carlsberg India IPO को SEBI से मंजूरी, ₹6600 करोड़ तक जुटा सकती है Tuborg वाली कंपनी

Carlsberg India IPO: कार्ल्सबर्ग इंडिया की सबसे करीबी लिस्टेड कॉम्पिटीटर, यूनाइटेड ब्रुअरीज लिमिटेड है। कार्ल्सबर्ग की इंडिया यूनिट को 2007 में शुरू किया गया था। कंपनी देश भर में 14 ब्रुअरीज चलाती है। IPO के साइज, स्ट्रक्चर और टाइमिंग जैसी डिटेल्स में बदलाव हो सकता है

अपडेटेड Oct 02, 2026 पर 12:52 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Carlsberg India IPO में कंपनी की ओर से केवल ऑफर फॉर सेल रह सकता है।

सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (SEBI) ने डेनमार्क की नामी शराब कंपनी कार्ल्सबर्ग (Carlsberg) के भारतीय कारोबार के IPO को मंजूरी दे दी है। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में यह बात कही गई है। कार्ल्सबर्ग इंडिया लिमिटेड ने 1 जुलाई को SEBI के पास गोपनीय तरीके से IPO के दस्तावेज जमा किए थे। इससे पहले खबर आई थी कि कंपनी का प्लान 70 करोड़ डॉलर (6,600 करोड़ रुपये) तक जुटाने का है। IPO में कंपनी की ओर से केवल ऑफर फॉर सेल रह सकता है। लिस्टिंग इस साल के आखिर में हो सकती है।

कॉन्फिडेंशियल रूट कंपनियों को लिस्टिंग पर अंतिम फैसले पर पहुंचने तक गोपनीयता की सुविधा देता है। अगर जरूरी हो तो वे बाद में बाजार की स्थितियों के आधार पर महत्वपूर्ण जानकारी का खुलासा किए बिना ड्राफ्ट को वापस भी ले सकती हैं। कॉन्फिडेंशियल प्री-फाइलिंग कंपनियों को सेंसिटिव बिजनेस डिटेल्स या फाइनेंशियल मेट्रिक्स और रिस्क्स को गोपनीय रखने की इजाजत देती है, खासकर कॉम्पिटीटर्स से। दूसरी ओर स्टैंडर्ड DRHP (ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस) फाइलिंग के बाद एक पब्लिक डॉक्युमेंट बन जाता है।

कार्ल्सबर्ग इस प्रस्तावित शेयर बिक्री के लिए कोटक महिंद्रा कैपिटल कंपनी, जेपी मॉर्गन चेस एंड कंपनी और सिटीग्रुप इंक की भारतीय यूनिट्स के साथ काम कर रही है। कार्ल्सबर्ग के ब्रांड्स में कार्ल्सबर्ग, टुबोर्ग, क्रोननबर्ग 1664, ग्रिमबर्गेन, सोमरस्बी, होल्स्टन शामिल हैं। कंपनी के IPO के साइज, स्ट्रक्चर और टाइमिंग जैसी डिटेल्स में बदलाव हो सकता है।


Carlsberg का मार्केट शेयर करीब 22 प्रतिशत

कार्ल्सबर्ग इंडिया भारत की दूसरी सबसे बड़ी शराब निर्माता कंपनी है। इसका मार्केट शेयर लगभग 22 प्रतिशत है। इसकी वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, कार्ल्सबर्ग की इंडिया यूनिट को 2007 में शुरू किया गया था। कंपनी देश भर में 14 ब्रुअरीज (शराब बनाने के कारखाने) चलाती है। इनमें से 8 का मालिकाना हक कंपनी के पास है। 6 कॉन्ट्रैक्ट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स हैं। वहीं कार्ल्सबर्ग ग्रुप की शुरुआत 1847 में हुई थी।

कार्ल्सबर्ग इंडिया की सबसे करीबी लिस्टेड कॉम्पिटीटर, यूनाइटेड ब्रुअरीज लिमिटेड है। एब्सोल्यूट वोदका और चिवास रीगल स्कॉच व्हिस्की बनाने वाली कंपनी पेरनोड रिकार्ड SA भी अपने भारतीय कारोबार की संभावित लिस्टिंग पर विचार कर रही है।

Orient Cables IPO: 97 गुना का शानदार सब्सक्रिप्शन, अब 5 अक्टूबर को लिस्टिंग पर मुनाफा होगा या घाटा?

इन कंपनियों को भी मिली IPO की मंजूरी

SEBI ने कार्ल्सबर्ग इंडिया लिमिटेड के साथ-साथ टीएमसी ट्रांसफॉर्मर्स (इंडिया) लिमिटेड, उजिन फार्मा लिमिटेड और मातंगी रबड़ लिमिटेड के IPO को भी मंजूरी दे दी है। टीएमसी ट्रांसफॉर्मर्स (इंडिया) के प्रस्तावित 550 करोड़ रुपये के IPO में केवल नए शेयर जारी होंगे। उजिन फार्मा के IPO में 1.18 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे। साथ ही प्रमोटर्स की ओर से 72.82 लाख शेयरों को ओएफएस के तहत बिक्री के लिए रखा जाएगा।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।