मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) ने जाने-माने बैंकर धर्मेश मेहता की अगुवाई वाली कंपनी डीएएम कैपिटल एडवाइजर्स (DAM Capital Advisors) के IPO को मंजूरी दे दी है। यह इश्यू पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल (OFS) होगा। नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट (Nuvama Wealth Management) इस पब्लिक इश्यू के लिए एकमात्र मर्चेंट बैंकर है और लिंक इनटाइम इंडिया इस इश्यू के रजिस्ट्रार के तौर पर काम करेगी।
इश्यू पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल है और इसके तहत शेयरों की बिक्री की जाएगी। फाइनेंशियल ईयर 2022-24 के दौरान इनवेस्टमेंट बैंक DAM Capital का रेवेन्यू 38.77% सीएजीआर रहा और फाइनेंशियल ईयर 2024 में इसका प्रॉफिट मार्जिन समकक्ष कंपनियों में सबसे ज्यादा रहा। कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले वित्त वर्ष के दौरान IPOs और QIPs में DAM का मार्केट शेयर 12.1 पर्सेंट था।
मनीकंट्रोल ने अगस्त में सूत्रों के हवाले से खबर दी थी कि DAM Capital अपने IPO के लिए ड्राफ्ट पेपर फाइल करने की तैयारी में है। यह भारत में किसी बूटीक इनवेस्टमेंट बैंक का पहला पब्लिक इश्यू है। DAM Capital ने अपनी शुरुआत से QIPs और IPOs जैसे 67 इक्विटी मार्केट ट्रांजैक्शंस में अपनी भूमिका निभाई है। साथ ही, विलय और अधिग्रहण, पीई और स्ट्रक्चर्ड फाइनेंस समेत 20 एडवाइजरी ट्रांजैक्शंस को अंजाम दिया है।
ऑफर फॉर सेल के जरिये प्रमोटर धर्मेश मेहता के साथ-साथ चार निवेशक- मल्टीपल्स ऑल्टरनेट एसेट मैनेजमेंट, नरोत्तम सत्यनारायण सेकसरिया, आरबीएल बैंक और ईजीऐक्सेस फाइनेंशियल सर्विसेज अपने शेयरों की बिक्री करेंगे। धर्मेश मेहता ने नवंबर 2019 में DAM Capital की शुरुआत की थी, जो पहले एक्सिस कैपिटल के एमडी और सीईओ थे। उनके पास शेयर बाजार में तीन दशकों से भी ज्यादा का अनुभव है।