Trafiksol का SME IPO रद्द, SEBI ने निवेशकों का पैसा लौटाने का दिया आदेश

Trafiksol SME IPO: 44.87 करोड़ रुपये का यह आईपीओ 10 सितंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था, लेकिन मजबूत सब्सक्रिप्शन के बावजूद इसकी लिस्टिंग पर रोक लगा दी गई थी। यह नोएडा स्थित एक कंपनी है जो ट्रैफिक और टोल मैनेजमेंट प्रोजेक्ट्स के लिए इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम और ऑटोमेशन सॉल्यूशन प्रोवाइड करती है

अपडेटेड Dec 03, 2024 पर 7:56 PM
Story continues below Advertisement
मार्केट रेगुलेटर सेबी ने ट्रैफिकसोल ITS टेक्नोलॉजीज के SME आईपीओ को रद्द कर दिया है।

Trafiksol SME IPO: मार्केट रेगुलेटर सेबी ने ट्रैफिकसोल ITS टेक्नोलॉजीज के SME आईपीओ को रद्द कर दिया है। इसके साथ ही कंपनी को निवेशकों का पैसा लौटाने का आदेश दिया गया है। इस आईपीओ को पहले BSE ने पेंडिंग इनवेस्टिगेशन के चलते रोक दिया था। सेबी के आदेश में कहा गया है, "ट्रैफिकसोल को उन निवेशकों द्वारा भुगतान किए गए पैसे रिफंड करने का निर्देश दिया गया है, जिन्हें आईपीओ में शेयर आवंटित किए गए हैं।" बता दें कि 44.87 करोड़ रुपये का यह आईपीओ 10 सितंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था, लेकिन मजबूत सब्सक्रिप्शन के बावजूद इसकी लिस्टिंग पर रोक लगा दी गई थी।

SEBI ने आदेश में क्या कहा?

सेबी ने BSE को इश्यू के बैंकरों के साथ कोऑर्डिनेशन में रिफंड प्रोसेस की निगरानी करने का भी निर्देश दिया है और कहा है कि रिफंड प्रक्रिया एक हफ्ते के भीतर पूरी होनी चाहिए। रिफंड के बाद डिपॉजिटरी को कंपनी के आवंटित शेयरों को कंपनी के नाम से खोले गए एक अलग डीमैट अकाउंट में ट्रांसफर करना होगा। आदेश में कहा गया है, "कंपनी को उन शेयरों को रद्द करने के लिए उचित कदम उठाने का निर्देश दिया जाता है, जिन्हें डिपॉजिटरी द्वारा ऊपर बताए गए अकाउंट में ट्रांसफर किया गया है।"


Trafiksol SME IPO के बारे में

Trafiksol ITS नोएडा स्थित एक कंपनी है जो ट्रैफिक और टोल मैनेजमेंट प्रोजेक्ट्स के लिए इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम और ऑटोमेशन सॉल्यूशन प्रोवाइड करती है। कंपनी ने SME प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होने के लिए 31 मई 2024 को BSE के पास DRHP दाखिल किया। आईपीओ में कंपनी के 64.10 लाख इक्विटी शेयरों का फ्रेश इश्यू शामिल था।

एकदृष्ट कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड ने इस इश्यू के लिए एकमात्र बुक रनिंग लीड मैनेजर के रूप में काम किया। आईपीओ के लिए प्राइस बैंड 66-70 रुपये प्रति शेयर तय किया गया था। यह पब्लिक इश्यू 10-12 सितंबर 2024 तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था।

शिकायत के बाद लिस्टिंग पर रोक

Trafiksol ITS के आईपीओ को 345.65 गुना अधिक सब्सक्राइब किया गया था और शेयरों की लिस्टिंग 17 सितंबर 2024 को तय की गई थी। सेबी को स्मॉल इन्वेस्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन - SIREN' से एक शिकायत मिली थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि इस इश्यू के उद्देश्यों में एक वेंडर से 17.70 करोड़ रुपये मूल्य के सॉफ्टवेयर की खरीद शामिल थी, जिसकी वित्तीय स्थिति संदिग्ध थी और जिसने कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालय (MCA) के साथ अपने एनुअल फाइनेंशियल स्टेटमेंट दाखिल नहीं किए थे। इस शिकायत के चलते BSE ने सेबी के परामर्श से शेयरों की लिस्टिंग को स्थगित कर दिया था।

11 अक्टूबर 2024 को सेबी ने जांच का आदेश दिया और BSE को अगले निर्देश तक इश्यू की आय को ब्याज वाले खाते (Interest-Bearing account) में रखने का आदेश दिया। यह जांच जारी है और सेबी को कुछ अन्य पहलुओं पर निर्णय लेना है, जिसमें यह आरोप भी शामिल है कि कंपनी ने अपने फाइनेंशियल स्टेटमेंट में हेराफेरी की है। हालांकि, मार्केट रेगुलेटर ने ट्रैफिकसोल को सेबी द्वारा शुरू की गई कार्यवाही समाप्त होने के बाद बाजार में नए सिरे से एंट्री करने की अनुमति दी है, लेकिन यह अंतिम आदेश के अधीन है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।