पावरट्रेन कंट्रोल और मोटर व्हीकल के कलपुर्जे बनाने वाली सेडेमैक मेकाट्रॉनिक्स लिमिटेड का 1,087 करोड़ रुपये का IPO 4 मार्च को खुलने जा रहा है। इसके लिए प्राइस बैंड 1,287-1,352 रुपये प्रति शेयर है। लॉट साइज 11 शेयर है। इसमें 6 मार्च तक निवेश किया जा सकेगा। एंकर निवेशक 2 मार्च को बोली लगा पाएंगे। IPO में 80,43,300 लाख शेयरों का केवल ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) रहेगा। नए शेयर जारी नहीं होंगे। ओएफएस में कंपनी के प्रमोटर मनीष शर्मा और अश्विनी अमित दीक्षित सहित कई अन्य निवेशक शेयरों को बिक्री के लिए रखेंगे।
IPO बंद होने के बाद अलॉटमेंट 9 मार्च को फाइनल हो सकता है। इसके बाद शेयरों की लिस्टिंग 11 मार्च को BSE, NSE पर हो सकती है। इस पब्लिक इश्यू के लिए ICICI Securities Ltd बुक रनिंग लीड मैनेजर है। रजिस्ट्रार MUFG Intime India Pvt.Ltd. है।
सेडेमैक मेकाट्रॉनिक्स, ऑटोमोटिव और इंडस्ट्रियल एप्लीकेशंस के लिए पावरट्रेन कंट्रोलर, मोटर कंट्रोल प्रोडक्ट और इंटीग्रेटेड स्टार्टर-जनरेटर सॉल्यूशन डिजाइन करती और बनाती है। इसके ग्राहकों में टीवीएस मोटर कंपनी, बजाज ऑटो, किर्लोस्कर ऑयल इंजन्स, ब्रिग्स एंड स्ट्रैटन एलएलसी और डीईआईएफ इंडिया शामिल हैं। कंपनी में Xponentia Capital और A91 Partners का भी पैसा लगा हुआ है।
IPO का रिजर्व हिस्सा और कंपनी की वित्तीय सेहत
SEDEMAC Mechatronics IPO में 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है। इसके अलावा 1 करोड़ रुपये के शेयर एंप्लॉयीज के लिए रिजर्व हैं। ये शेयर उन्हें फाइनल IPO प्राइस से 128 रुपये प्रति शेयर के डिस्काउंट पर ऑफर किए जाएंगे।
अप्रैल-जून 2025 तिमाही में कंपनी की कुल इनकम 219.96 करोड़ रुपये रही। शुद्ध मुनाफा 17 करोड़ रुपये रहा। इस बीच उधारी 42.18 करोड़ रुपये की थी। वित्त वर्ष 2025 के दौरान कंपनी की कुल इनकम 662.54 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 47 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।