Senco Gold IPO : 4 जुलाई को खुल रहा है 405 करोड़ का इश्यू, निवेश का प्लान है तो पहले जोखिम के बारे में जान लें

Senco Gold IPO के तहत 270 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी होंगे। इसके अलावा, 135 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी। OFS के तहत SAIF पार्टनर्स इंडिया IV लिमिटेड द्वारा शेयरों की बिक्री होगी, जिसके पास कंपनी में 19.23% हिस्सेदारी है

अपडेटेड Jul 04, 2023 पर 1:20 AM
Story continues below Advertisement
ज्वेलरी कंपनी Senco Gold का आईपीओ 4 जुलाई को सब्सक्रिप्शन के लिए खुल रहा है जानिए क्या है इश्यू प्राइस?

Senco Gold IPO : ज्वेलरी कंपनी Senco Gold का आईपीओ 4 जुलाई को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने वाला है। निवेशक इस इश्यू में 6 जुलाई तक निवेश कर सकेंगे। कंपनी का इरादा आईपीओ के जरिए 405 करोड़ रुपये जुटाने का है। इश्यू के लिए 301-317 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है। अपर प्राइस बैंड के हिसाब से आईपीओ में कंपनी का मूल्य 2460 करोड़ रुपये होगा। अगर आप निवेश करने के बारे में सोच रहे हैं तो इससे पहले आपको कंपनी को लेकर उन रिस्क फैक्टर्स के बारे में जान लेना चाहिए, जिनका खुलासा कंपनी ने ड्राफ्ट पेपर में किया है। यहां हमने इस आईपीओ से जुड़ी तमाम डिटेल दी है।

आईपीओ से जुड़ी डिटेल

इश्यू के तहत 270 करोड़ रुपये के फ्रेश इक्विटी शेयर जारी होंगे। इसके अलावा, 135 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत की जाएगी। OFS के तहत SAIF पार्टनर्स इंडिया IV लिमिटेड द्वारा शेयरों की बिक्री होगी, जिसके पास कंपनी में 19.23% हिस्सेदारी है। इस ऑफर से मिलने वाले फंड का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए होगा। इसके अलावा, उत्तर भारत में कंपनी के बिजनेस का विस्तार करने और डायमंड ज्वेलरी बिजनेस को बढ़ाने के लिए किया जाएगा।


ये हैं रिस्क फैक्टर्स

Senco Gold पर जनवरी 2027 में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने सर्च अभियान चलाया था। इसके तहत कंपनी और उसके इंडिविजुअल प्रमोटर के खिलाफ टैक्सेशन और आपराधिक कार्यवाही शुरू की गई है। कंपनी को कारण बताओ नोटिस के साथ-साथ डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सेंट्रल एक्साइज इंटेलिजेंस, कोलकाता द्वारा तलाशी भी ली गई है। Senco Gold और इसके डायरेक्टर और प्रमोटर कुछ कानूनी और नियामक कार्यवाही का सामना कर रहे हैं। ये कार्यवाही कई अदालतों में लंबित हैं।

कंपनी का राजस्व सोने के आभूषणों की बिक्री पर काफी हद तक निर्भर रहा है। राजस्व के लिए सोने पर कंपनी की निर्भरता FY23 में 89.69 फीसदी, FY22 में 91.53 फीसदी और FY21 में 91.90 फीसदी रही है। सोने की खरीद या सोने के आभूषणों की बिक्री पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाले किसी भी फैक्टर के कारण कंपनी के बिजनेस और वित्तीय स्थिति पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।

कंपनी मुख्य रूप से सराफा बैंकों से लोन के आधार पर सोना प्राप्त करती है जो आरबीआई के नियमों के अधीन रहता है। इस तरह, लोन के आधार पर सोने से जुड़े नियमों में किसी भी बदलाव से जोखिम पैदा हो सकता है। सेंको गोल्ड को इंडियन ज्वेलरी मार्केट में कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। कंपनी पर ग्राहकों और बाजार हिस्सेदारी का एक बड़ा हिस्सा खोने का जोखिम है। कंपनी ने टाइटन कंपनी लिमिटेड और कल्याण ज्वैलर्स इंडिया को अपने लिस्टेड पियर्स के रूप में बताया है।

क्या है एक्सपर्ट्स की राय

SMIFS लिमिटेड के एनालिस्ट का कहना है कि Senco Gold आईपीओ की कीमत आकर्षक है। कंपनी के पास मजबूत ब्रांड नाम और पांच दशक से अधिक की विरासत है। ऐसे में यह ज्वेलरी इंडस्ट्री में ग्रोथ का लाभ उठाने के लिए अच्छी स्थिति में है। अनऑर्गेनाइज्ड से ऑर्गेनाइज्ड सेक्टर में स्ट्रक्चरल बदलाव से कंपनी को लाभ होगा। SMIFS लिमिटेड ने अपनी रिपोर्ट में आगे कहा है, "कंपनी ने पियर्स के बीच सबसे अच्छा वित्तीय प्रदर्शन किया है। वर्तमान प्रदर्शन के आधार पर हम लिस्टिंग गेल के लिए इसे सब्सक्राइब करने की सलाह देते हैं।"

देश भर के 96 शहरों में फैला हुआ है बिजनेस

सेन्को गोल्ड मुख्य रूप से सोने, हीरे, चांदी, प्लैटिनम और प्रेशियस और सेमी-प्रेशियस स्टोन्स से बने आभूषणों के निर्माण और बिक्री का काम करती है। पूर्वी भारत में सबसे बड़े कंपनियों में से एक Senco Gold का बिजनेस 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 96 शहरों में फैला हुआ है। कंपनी इन शहरों में अपने दम पर 75 स्टोर और फ्रेंचाइजी के माध्यम से 61 स्टोर चलाती है। कंपनी का लगभग 85 प्रतिशत राजस्व गोल्ड ज्वेलरी से आता है। वहीं, लगभग 10 फीसदी राजस्व हीरे के आभूषणों से आता है। कंपनी के खजाने में सबसे ज्यादा योगदान पश्चिम बंगाल का है। सूत्र ने नाम नहीं छापने की शर्त पर यह जानकारी दी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।