Senores Pharmaceuticals IPO: 20 दिसंबर को खुलेगा गुजरात की दवा कंपनी का आईपीओ, जारी होंगे 500 करोड़ रुपये के फ्रेश शेयर

Senores Pharmaceuticals IPO: एंकर निवेशकों के लिए यह आईपीओ 19 दिसंबर को एक दिन के लिए खुलेगा। नेट इश्यू (कर्मचारियों के हिस्से को छोड़कर) का 75 फीसदी हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 15 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए और शेष 10 फीसदी शेयर खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित हैं

अपडेटेड Dec 16, 2024 पर 5:56 PM
Senores Pharmaceuticals IPO: गुजरात की दवा कंपनी सेनोरेस फार्मास्युटिकल्स ने रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज के पास रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस दाखिल किया है।

Senores Pharmaceuticals IPO: गुजरात की दवा कंपनी सेनोरेस फार्मास्युटिकल्स ने रजिस्ट्रार ऑफ कंपनीज के पास रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस दाखिल किया है। यह आईपीओ 20 दिसंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा। कंपनी अगले कुछ दिनों में प्राइस बैंड डिटेल का खुलासा करेगी। इस आईपीओ के तहत 500 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। इसके अलावा, प्रमोटरों सहित मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 21 लाख इक्विटी शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए जाएगी। इस ऑफर में कंपनी के कर्मचारियों के लिए 75000 इक्विटी शेयर रिजर्व रखे गए हैं।

Senores Pharmaceuticals IPO के बारे में

सेनोरेस फार्मास्युटिकल्स के प्रमोटर स्वप्निल जतिन भाई शाह, अशोक कुमार विजय सिंह बारोट और संगीता मुकुर बारोट OFS में 11 लाख इक्विटी शेयर बेचेंगे। शेष 10 लाख शेयर अन्य सेलिंग शेयरहोल्डर प्रकाश एम संघवी द्वारा बेचे जाएंगे। आरएचपी दाखिल करने के समय कंपनी में प्रमोटरों की हिस्सेदारी 66.67 फीसदी है, और शेष 33.33 फीसदी शेयर सांघवी परिवार सहित आम पब्लिक के स्वामित्व में हैं।


निवेशकों के पास इस आईपीओ में 24 दिसंबर तक निवेश का मौका रहेगा। वहीं, एंकर निवेशकों के लिए यह आईपीओ 19 दिसंबर को एक दिन के लिए खुलेगा। नेट इश्यू (कर्मचारियों के हिस्से को छोड़कर) का 75 फीसदी हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 15 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए और शेष 10 फीसदी शेयर खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित हैं।

Senores Pharmaceuticals कहां करेगी फंड का इस्तेमाल?

सेनोरेस फार्मास्युटिकल्स अटलांटा फैसिलिटी में स्टेराइल इंजेक्शन के प्रोडक्शन के लिए एक मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी स्थापित करने के लिए फ्रेश इश्यू से होने वाली आय (ऑफर खर्च को छोड़कर) में से 107 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इसके अलावा, 93.7 करोड़ रुपये का उपयोग कर्ज चुकाने के लिए और 102.74 करोड़ रुपये वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए किया जाएगा। शेष राशि का उपयोग इनऑर्गेनिक ग्रोथ और सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

30 दिसंबर को होगी Senores Pharmaceuticals की लिस्टिंग

निवेशक 30 दिसंबर से BSE और NSE पर सेनोरेस फार्मास्यूटिकल्स के शेयरों में ट्रेडिंग शुरू कर सकते हैं। इक्विरस कैपिटल, एंबिट और नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट इस इश्यू के बुक रनिंग लीड मैनेजर के रूप में काम कर रहे हैं। सेनोरेस ने जुलाई के अंत में सेबी के पास ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस दाखिल किया था, जबकि रेगुलेटर ने 15 अक्टूबर को उन ड्राफ्ट पेपर्स को मंजूरी दे दी थी। यह 20 दिसंबर को खुलने वाला दूसरा पब्लिक इश्यू होगा, जबकि यह चालू महीने में 12वां आईपीओ होगा।

Senores Pharmaceuticals का बिजनेस और फाइनेंशियल

सेनोरेस फार्मास्युटिकल्स का बिजनेस मुख्य रूप से अमेरिका, कनाडा और यूनाइटेड किंगडम के रेगुलेटेड मार्केट्स पर फोकस्ड है, जबकि 43 देशों में उभरते बाजारों में इसकी मौजूदगी है। यह क्रिटिकल केयर इंजेक्टेबल्स और एपीआई (एक्टिव फार्मास्युटिकल इनग्रेडिएंट्स) भी बनाती है।

कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन हेल्दी रहा है। इसका नेट प्रॉफिट मार्च 2024 को समाप्त वर्ष में लगभग चार गुना बढ़कर 32.7 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष में 8.4 करोड़ रुपये था। वित्त वर्ष 2024 के दौरान रेवेन्यू पांच गुना बढ़कर 214.5 करोड़ रुपये हो गया, जो वित्त वर्ष 2023 में 35.3 करोड़ रुपये था। सितंबर 2024 को समाप्त छह महीने की अवधि में लाभ 181 करोड़ रुपये के रेवेन्यू पर 23.94 करोड़ रुपये रहा।

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।