SFC Environmental लाएगी IPO, SEBI के पास दाखिल किए कागजात

SFC Environmental IPO: इस आईपीओ में कंपनी द्वारा 185 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं, 1.08 करोड़ शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए की जाएगी। OFS के हिस्से के रूप में प्रमोटर साकेतचंद्रसिंह प्रतापसिंह ढंडोरिया और संदीप सुधाकर असोलकर सहित मौजूदा शेयरधारक अपने शेयर बेचेंगे

अपडेटेड Dec 02, 2024 पर 10:00 PM
SFC एनवायरनमेंटल टेक्नोलॉजीज अपना आईपीओ लाने जा रही है।

SFC Environmental Technologies IPO: वेस्ट-वाटर ट्रीटमेंट सॉल्यूशन प्रोवाइड करने वाली कंपनी SFC एनवायरनमेंटल टेक्नोलॉजीज अपना आईपीओ लाने जा रही है। कंपनी ने इसके लिए आज 2 दिसंबर को मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास ड्राफ्ट पेपर दाखिल कर दिया है। यह मौजूदा महीने में पहली मेनबोर्ड फाइलिंग है। महाराष्ट्र स्थित यह कंपनी आईपीओ लॉन्च होने से पहले यानी प्री-आईपीओ प्लेसमेंट से 37 करोड़ रुपये जुटाने पर भी विचार कर सकती है। अगर ऐसा होता है ति इश्यू का साइज कम हो जाएगा।

SFC Environmental IPO में जारी होंगे 185 करोड़ रुपये के नए शेयर

इस आईपीओ में कंपनी द्वारा 185 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे। वहीं, 1.08 करोड़ शेयरों की बिक्री ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए की जाएगी। OFS के हिस्से के रूप में प्रमोटर साकेतचंद्रसिंह प्रतापसिंह ढंडोरिया और संदीप सुधाकर असोलकर सहित मौजूदा शेयरधारक अपने शेयर बेचेंगे। SFC एनवायरमेंटल में प्रमोटर्स की हिस्सेदारी 48.17 फीसदी है। वहीं, शेष 51.83 फीसदी शेयर पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास हैं।


कहां होगा फंड का इस्तेमाल

आईपीओ के तहत फ्रेश इश्यू से होने वाली आय का इस्तेमाल मुख्य रूप से कर्ज चुकाने और वर्किंग कैपिटल जरूरतों के लिए किया जाएगा। आईआईएफएल कैपिटल सर्विसेज, जेएम फाइनेंशियल और नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट को इस इश्यू के लिए बुक रनिंग लीड मैनेजर नियुक्त किया गया है।

SFC Environmental का कारोबार

खास तौर पर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STPs) के साथ कंपनी के पास वेस्ट-वाटर ट्रीटमेंट सेगमेंट में 621 इंस्टॉलेशन है। कंपनी भारत में एक प्रमुख वेस्ट-वाटर ट्रीटमेंट मेथड सीक्वेंसिंग बैच रिएक्टर (SBR) टेक्नोलॉजी में 80 फीसदी से अधिक बाजार हिस्सेदारी रखती है। इसके अलावा, यह कस्टमर्स को ऑपरेशन और मेंटेनेंस सर्विसेज और अन्य संबंधित एक्सेसरीज भी प्रोवाइड करती है।

SFC एनवायरनमेंटल टेक्नोलॉजीज साल 2005 में इनकॉर्पोरेट हुई है। इसका मुकाबला थर्मैक्स, प्राज इंडस्ट्रीज और आयन एक्सचेंज इंडिया जैसे लिस्टेड पियर्स के साथ होगा। कंपनी ने वित्त वर्ष 2024 में 141.6 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया, जो पिछले वित्त वर्ष में 93.8 करोड़ रुपये से काफी अधिक है। इसी अवधि के दौरान रेवेन्यू 519.7 करोड़ रुपये से बढ़कर 658.4 करोड़ रुपये हो गया।

SFC Environmental का फाइनेंशियल

जून 2024 को समाप्त तीन महीने की अवधि में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 3.8 करोड़ रुपये से बढ़कर 5.4 करोड़ रुपये हो गया। तिमाही के दौरान रेवेन्यू 94 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की इसी अवधि में 70.5 करोड़ रुपये से अधिक है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।