Afcons Infrastructure IPO: शापूरजी पालोनजी ग्रुप (Shapoorji Pallonji Group) की कंपनी एफकॉन्स इंफ्रास्ट्रक्चर (Afcons Infrastructure) आईपीओ लाने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक यह आईपीओ करीब 7,000 करोड़ रुपये का हो सकता है। इस आईपीओ के लिए शापूरजी पालोनजी ग्रुप ने ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) फाइल कर दिया है। इस आईपीओ के तहत सिर्फ नए शेयर ही जारी करने की योजना नहीं है बल्कि इश्यू के जरिए कुछ शेयरों की ऑफर फॉर सेल (OFS) विंडो के तहत बिक्री भी हो सकती है। सीएनबीसी-टीवी18 को सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक यह आईपीओ को 19 हजार करोड़ रुपये से 20 हजार करोड़ रुपये के बीच के वैल्यूएशन पर लाया जा सकता है।
Afcons Infrastructure IPO की डिटेल्स
एफकॉन्स इंफ्रा का आईपीओ करीब 7 हजार करोड़ रुपये का हो सकता है। इस आईपीओ के तहत कंपनी 1200 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर जारी कर सकती है। इसके अलावा शपूरजी पालोनजी ग्रुप ऑफर फॉर सेल (OFS) विंडो के तहत आईपीओ के जरिए 5750 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री कर अपनी हिस्सेदारी हल्की कर सकता है। अभी जो आंकड़े उपलब्ध है, उसके मुताबिक शापूरजी पालोनजी ग्रुप की एफकॉन्स इंफ्रा में 99.48 फीसदी हिस्सेदारी है।
कर्ज घटा रहा है Shapoorji Pallonji Group
शापूरजी पालोनजी ग्रुप अभी अपना कर्ज घटाने की स्ट्रैटेजी पर काम कर रहा है। इसके तहत हाल ही में इसने गोपालपुर पोर्ट्स में अपनी हिस्सेदारी अडानी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकनॉमिक जोन (Adani Ports and SEZ ) को 3,000 करोड़ रुपये से अधिक के एंटरप्राइज वैल्यू पर बेच दिया। पोर्ट में हिस्सेदारी हल्की करने का इसका यह दूसरा सौदा था। इससे पहले ग्रुप ने अपने धरमतार बंदरगाह को 710 करोड़ रुपये के एंटरप्राइज वैल्यू पर जेएसडब्ल्यू इंफ्रास्ट्रक्चर (JSW Infra) को बेच दिया था। गोपालपुर पोर्ट्स में हिस्सेदारी बेचने के बाद शापूरजी पालोनजी ने कहा था कि ग्रुप का कर्ज कम करने की दिशा में यह अहम कदम है और यह आगे की ग्रोथ के लिए बेहतर मौका तैयार करेगा। ग्रुप ने कहा कि इससे देश-विदेश में उसके कोर बिजनेस में मांग के वैश्विक रुझानों का फायदा उठाने में मदद मिलेगी।