Gopal Snacks IPO: एफएमसीजी कंपनी गोपाल स्नैक्स का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए आज खुल चुका है। ब्रोकरेज इस आईपीओ को लेकर काफी उत्साहित हैं। यह कंपनी देशी और विदेशी, दोनों बाजारों के लिए एथनिक और वेस्टर्न स्नैक्स बनाती है और ब्रोकरेज को इसमें ग्रोथ की काफी गुंजाइश दिख रही है। इस आईपीओ के तहत कोई नया शेयर नहीं जारी होगा यानी कि 650 करोड़ रुपये का यह आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल का है। हालांकि इसके बावजूद ब्रोकरेज इसे लेकर काफी बुलिश दिख रहे हैं। इस आईपीओ में 11 मार्च तक पैसे लगा सकेंगे.
क्या है ब्रोकरेज का रुझान
रिलायंस सिक्योरिटीज ने इसे सब्सक्राइब की रेटिंग दी है। ब्रोकरेज के मुताबिक कंपनी की मार्केट की समझ, वर्टिकल मैनुफैक्चरिंग, लॉजिटिस्टिक्स के इंटीग्रेशन और इंडस्ट्री की नए और मौजूदा मार्केट में मजबूत ग्रोथ के दम पर इसका रेवेन्यू और मुनाफा आने वाले वर्षों में कई गुना बढ़ेगा। एक और ब्रोकरेज शेयरखान के एनालिस्ट्स के मुताबिक आईपीओ के अपर प्राइस बैंड के हिसाब से यह पियर्स प्रताप स्नैक्स और बिकाजी फूड्स की तुलना में काफी सस्ता है। शेयरखान के मुताबिक डाईवर्सिफाईड और मजबूत प्रोडक्ट पोर्टफोलियो, वर्टिकल इंटीग्रेटेड मैनुफैक्चरिंग, लगातार विस्तार की स्ट्रैटेजी, और ब्रांड की बढ़ती चमक के चलते इस आईपीओ में निवेश करने का मौका अच्छा है।
Gopal Snacks IPO की डिटेल्स
गोपाल स्नैक्स का 650 करोड़ रुपये का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 11 मार्च तक खुला रहेगा। इस इश्यू में 381-401 रुपये के प्राइस बैंड और 37 शेयरों के लॉट में पैसे लगा सकते हैं। कंपनी के एंप्लॉयीज को हर शेयर पर 38 रुपये का डिस्काउंट मिलेगा। इश्यू का 50 फीसदी क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB), 35 फीसदी नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) और 15 फीसदी खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है। आईपीओ की सफलता के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 12 मार्च को फाइनल होगा और फिर BSE, NSE पर 14 मार्च को एंट्री होगी। इश्यू का रजिस्ट्रार लिंक इनटाइम है।
अब आईपीओ के पैसों के इस्तेमाल की बात करें तो चूंकि यह इश्यू पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल का है तो इसका पैसा कंपनी की बजाय शेयर बेचने वाले शेयरहोल्डर्स को मिलेगा। इश्यू के तहत 1 रुपये की फेस वैल्यू वाले 1,62,09,476 शेयरों की ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिक्री होगी। इश्यू के तहत प्रमोटर्स गोपाल एग्रीप्रोडक्ट्स 520 करोड़ रुपये और बिपिनभाई विठलभाई हडवानी 80 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री करेंगे। इसके अलावा बाकी 50 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री शेयरहोल्डर हर्ष सुरेशकुमार शाह बेचेंगे।
वर्ष 1999 में बनी गोपाल स्नैक्स एथनिक और वेस्टर्न स्नैक्स बेचती है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो इसकी सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2021 में इसे 21.12 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2022 में उछलकर 41.54 करोड़ रुपये और फिर वित्त वर्ष 2023 में यह 112.37 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना 11 फीसदी से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर 1,398.54 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष 2023-24 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2023 में इसे 55.57 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा और 677.97 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल हो चुका है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।