GSP Crop Science IPO: खुल गया ₹400 करोड़ का आईपीओ, निवेश से पहले जान लें ये 10 अहम बातें

GSP Crop Science IPO: जीएसपी क्रॉप साइंस एक एग्रोकेमिकल कंपनी है। अब इसके लिस्टिंग की तैयारी है जिसका आईपीओ खुल चुका है। इसके आईपीओ के तहत नए शेयर जारी होंगे और ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिए भी शेयरों की बिक्री होगी। चेक करें कंपनी की कारोबारी सेहत कैसी है और आईपीओ के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी कैसे करेगी

अपडेटेड Mar 16, 2026 पर 12:58 PM
Story continues below Advertisement
GSP Crop Science IPO: जीएसपी क्रॉप साइंस का आईपीओ आज 16 मार्च को खुला है और 18 मार्च को बंद होगा।

GSP Crop Science IPO: फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले कीटों इत्यादि को मारने वाली दवाईयों से लेकर पौधों की ग्रोथ के लिए केमिकल बनाने वाली जीएसपी क्रॉप साइंस का आईपीओ आज खुल गया। इसके ₹400 करोड़ के आईपीओ में 18 मार्च तक पैसे लगा सकेंगे। इस इश्यू के तहत नए शेयर जारी होंगे और ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत भी शेयरों की बिक्री होगी। यहां इस आईपीओ से जुड़ी 10 अहम बातें बताई जा रही है, जिसे जान लें और फिर आईपीओ में निवेश से जुड़ा फैसला लें।

GSP Crop Science IPO: 10 खास बातें

1. प्राइस बैंड और लॉट साइज

जीएसपी क्रॉप साइंस के ₹400 करोड़ के आईपीओ में ₹304-₹320 के प्राइस बैंड और 46 शेयरों के लॉट में पैसे लगा सकते हैं।


2. अहम डेट्स

जीएसपी क्रॉप साइंस का आईपीओ आज 16 मार्च को खुला है और 18 मार्च को बंद होगा। आईपीओ के तहत शेयरों का अलॉटमेंट 20 मार्च को फाइनल होगा। फिर बीएसई और एनएसई पर 24 मार्च को एंट्री होगी।

3. एंकर बुक

आईपीओ खुलने से पहले कंपनी ने 3 एंकर निवेशकों- शाइन स्टार बिल्ड कैप प्राइवेट लिमिटेड, क्राफ्ट एमर्जिंग मार्केट फंड पीसीसी-सिटाडेल कैपिटल फंड और क्राफ्ट एमर्जिंग मार्केट फंड पीसीसी-एलाइट कैपिटल फंड से ₹120 करोड़ जुटाए। इन्हें ₹320 के भाव पर 37.50 लाख शेयर जारी हुए हैं।

4. ग्रे मार्केट में स्थिति यानी GMP

ग्रे मार्केट में जीएसपी क्रॉप साइंस के शेयरों को लेकर खास हलचल नहीं दिख रही है। हालांकि मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक ग्रे मार्केट से मिले संकेतों की बजाय कंपनी के फंडामेंटल्स और फाइनेंशियल के आधार पर ही निवेश का फैसला लेना चाहिए।

5. आईपीओ में कितने शेयर होंगे जारी

जीएसपी क्रॉप साइंस के आईपीओ के तहत ₹240 करोड़ के नए शेयर जारी होंगे। इसके अलावा ₹10 की फेस वैल्यू वाले 50 लाख शेयरों की ऑफर फॉर सेल विंडो के तहत बिक्री होगी। ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिए इसके प्रमोटर्स- विलासबेन व्रजमोहन शाह, भावेश व्रजमोहन शाह और कप्पा ट्रस्ट अपनी हिस्सेदारी हल्की करेंगे।

6. रजिस्ट्रार

जीएसपी क्रॉप साइंस के आईपीओ का रजिस्ट्रार एमयूएफजी इनटाइम है यानी कि शेयरों का अलॉटमेंट फाइनल होने के बाद इसकी साइट पर जारी अलॉटमेंट स्टेटस देख सकेंगे कि कितने शेयर मिले। इसके अलावा बीएसई की साइट पर भी स्टेटस देख सकेंगे।

7. कैसे होगा आईपीओ के पैसों का इस्तेमाल?

ऑफर फॉर सेल का पैसा शेयर बेचने वाले प्रमोटर्स को मिलेगा। वहीं नए शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹170.00 करोड़ कर्ज हल्का करने और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।

8. क्या करती है कंपनी?

वर्ष 1985 में बनी जीएसपी क्रॉप साइंस एक एग्रोकेमिकल कंपनी है। यह इंसेक्टिसाइड्स, हर्बिसाइड्स, फंजीसाइड्स और प्लांट ग्रोथ रेगुलेटर्स बनाती है यानी कि यह फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले कीटों-फफूंदी को खत्म करने वाले और पौधों की ग्रोथ को बढ़ाने वाले केमिकल्स बनाती है। 10 मार्च 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक कंपनी को 102 पेटेंट हासिल हो चुके हैं और 108 पेटेंट एप्लीकेशन अभी प्रोसेस से गुजर रहे हैं।

9. कितना लंबा-चौड़ा है कंपनी का कारोबार?

सितंबर 2025 तक के आंकड़ों के हिसाब से जीएसपी क्रॉप साइंस के ग्राहक देश के 20 राज्यों में हैं। इसका कारोबार देश के बाहर भी अमेरिका, उरुग्वे, ब्राजील, वियतनाम, सिंगापुर, यूएई और ऑस्ट्रेलिया समेत 37 देशों में फैला हुआ है।

10. कैसी है कारोबारी सेहत?

कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹17.57 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹55.54 करोड़ और फिर वित्त वर्ष 2025 में ₹81.42 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम भी सालाना करीब 4% की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹1,301.06 करोड़ पर पहुंच गई। चालू वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2025 में कंपनी को ₹81.07 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹847.61 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हो चुका है। सितंबर 2025 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹321.13 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹490.84 करोड़ पड़े थे।

CMPDI IPO:  Coal India की कंपनी होगी लिस्ट, आईपीओ में निवेश से पहले समझ लें ये 10 अहम बातें

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।