IKIO Lighting IPO: एलईडी से जुड़ी सर्विसेज मुहैया कराने वाली कंपनी आईकियो लाइटिंग (IKIO Lighting) का 607 करोड़ रुपये का आईपीओ आज सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया है। इस इश्यू के तहत 350 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे। एक दिन पहले यह इश्यू एंकर निवेशकों के लिए खुला था और एंकर निवेशकों से इसने 181.95 करोड़ रुपये जुटाए हैं। वहीं ग्रे मार्केट की बात करें तो इसके शेयरों की स्थिति अच्छी दिख रही है और इश्यू के प्राइस बैंड के अपर प्राइस के हिसाब से 103 रुपये की GMP (ग्रे मार्केट प्रीमियम) यानी 36 फीसदी प्रीमियम पर ट्रेड हो रहे हैं। हालांकि मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक ग्रे मार्केट से मिले संकेतों की बजाय कंपनी के फाइनेंशियल्स और फंडामेंटल्स के आधार पर निवेश का फैसला लेना चाहिए।
इश्यू को लेकर ब्रोकरेज की क्या है राय
आईकियो लाइटिंग एलईडी लाइटिंग इंडस्ट्री में फुल्ली इंटीग्रेटेड ओडीएम (ओरिजिनल डिजाइन मैनुफैक्चरर) कंपनी है। इसके सबसे बड़े क्लाइंट्स में फिलिप्स शुमार है। अब यह कंपनी नए ग्राहकों के जरिए विदेशों में भी मौके बढ़ाने की कोशिश में है। पिछले वित्त वर्ष 2023 में अप्रैल-दिसंबर 2023 में इसका 15 फीसदी रेवेन्यू विदेशों से आया था। वित्त वर्ष 2020-22 में इसका कंसालिडेटेड रेवेन्यू 23 फीसदी की सीएजीआर से बढ़ा जिसमें एलईडी लाइटिंग सेगमेंट की 24 फीसदी की सालाना चक्रवृद्धि दर से ग्रोथ शामिल है।
वहीं इसका शुद्ध मुनाफा इस दौरान 54 फीसदी की सीएजीआर से बढ़ा। अब आईपीओ को लेकर बात करें तो आईसीआईसीआई डायरेक्टर रिसर्च के मुताबिक इश्यू के प्राइस बैंड के अपर प्राइस 285 रुपये के हिसाब से यह वित्त वर्ष 2023 के एनुअल EPS से 32 गुने पर है। ऐसे में ब्रोकरेज ने इसे कोई रेटिंग नहीं दी है। इसमें निवेश को लेकर रिस्क की बात करें तो हाई कस्टमर कंसेट्रेशन, एक ही प्रोडक्ट कैटेगरी पर निर्भरता, कच्चे माल की सप्लाई के आयात पर अधिक निर्भरता और हाई वर्किंग कैपिटल से जुड़ा रिस्क है।
किन एंकर निवेशकों ने लगाए हैं पैसे
कंपनी ने इश्यू के तहत एंकर निवेशकों को 181.95 करोड़ रुपये के 63,84,209 शेयर जारी किए हैं। इस इश्यू में एचडीएफसी लार्ज एंड मिड कैप फंड, एचडीएफसी ट्रस्टी कंपनी लिमिटेड-एचडीएफसी इंफ्रा फंड, आईसीआईसीआई प्रू फ्लेक्सीकैप फंड, आईसीआईसीआई प्रू इनोवेशन फंड, गोल्डमैन सैक्स फंड्स-गोल्डमैन सैक्स इंडिया इक्विटी पोर्टफोलियो, क्वांट म्यूचुअल फंड-क्वांट वैल्यू फंड, मालाबार इंडिया फंड, मिरे एसेट इंडिया सेक्टर लीडर इक्विटी फंड, मिरे एसेट इंडिया सोलोमन इक्विटी इनवेस्टमेंट ट्रस्ट 1, रोहडिया मास्टर फंड, मोतीलाल ओसवाल सेलेक्टर अपॉर्च्यूनिटीज फंड सीरीज 3, कोहेशन एमके बेस्ट आइडियाज सब-ट्रस्ट, बंगाल फाइनेंस एंड इनवेस्टमेंट, अनंता कैपिटल वेंचर्स फंड 1, सिटीग्रुप ग्लोबल मार्केट्स मॉरीशस और सोसायटी जनरल ने निवेश किया है।
IKIO Lighting IPO की डिटेल्स
आईकियो लाइटिंग के 600 करोड़ रुपये के आईपीओ में 8 जून तक पैसे लगा सकेंगे। इसके जरिए कंपनी 350 करोड़ रुपये के नए इक्विटी शेयर जारी करेगी। वहीं ऑफर फॉर सेल के तहत प्रमोटर्स हरदीप सिंह और सुरमीत कौर 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 90 लाख शेयरों की बिक्री करेंगे। इस इश्यू के लिए 270-285 रुपये का प्राइस बैंड और 52 शेयरों का लॉट फिक्स किया गया है। इसका 50% हिस्सा क्वालिफाईड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (QIB), 15% नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) और 35% खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित है।
आईपीओ की सफलता के बाद शेयरों का अलॉटमेंट 13 जून को फाइनल होगा और घरेलू एक्सचेंजों एनएसई-बीएसई पर 16 जून को लिस्टिंग होगी। नए शेयरों को जारी कर जुटाए गए 50 करोड़ रुपये से कंपनी कर्ज चुकाएगी। इसके अलावा 212.31 करोड़ रुपये को यह अपने पूर्ण मालिकाना हक वाली आईकियो सॉल्यूशन्स में निवेश करेगी ताकि यह नोएडा में एक नया प्लांट बना सके। वहीं आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में भी आईपीओ के पैसों का इस्तेमाल होगा। इश्यू के लिए रजिस्ट्रार केफिन टेक है।
IKIO Lighting के बारे में डिटेल्स
आईकियो लाइटिंग लाइट एमिटिंग डायोड (LED) प्रोडक्ट्स को डिजाइन कर उन्हें तैयार करती है और फिर बेचती है जिसके बाद ग्राहक इसे अपने ब्रांड नाम के तहत बेचते हैं। इसके चार प्लांट हैं जिसमें से एक उत्तराखंड के सिडकुल हरिद्वार औद्योगिक पार्क में और तीन उत्तर प्रदेश के नोएडा में स्थित हैं। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो इसका मुनाफा लगातार बढ़ा है। वित्त वर्ष 2020 में इसे 21.41 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हासिल हुआ था। इसके बाद वित्त वर्ष 2021 में इसे 28.81 करोड़ रुपये और फिर वित्त वर्ष 2022 में 50.52 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था। पिछले वित्त वर्ष 2022-23 के शुरुआती नौ महीने अप्रैल-दिसंबर 2022 में इसे 51.35 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।