Cello World IPO: सेलो वर्ल्ड का आईपीओ आज सब्सक्रिप्शन के लिए खुल चुका है। 1900 करोड़ रुपये के इस आईपीओ में 1 नवंबर तक पैसे लगा सकेंगे। ग्रे मार्केट में इसके शेयरों की स्थिति मजबूत दिख रही है तो ब्रोकरेज भी इस इश्यू में पैसे लगाने की सलाह दे रहे हैं। इस आईपीओ के तहत कोई नया शेयर नहीं जारी होगा यानी आईपीओ का पैसा कंपनी को नहीं मिलेगी बल्कि इसके शेयर हिस्सेदारी हल्की कर रहे शेयरहोल्डर्स को मिलेगा। इसके वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। आईपीओ में पैसे लगाने से पहले चेक करें ब्रोकरेज का क्या रुझान है।
Cello World IPO को लेकर क्या है ब्रोकरेज का रुझान
सेलो वर्ल्ड का डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क देश भर में है। इसके वित्तीय नतीजे लगातार बेहतर हो रहे हैं और अब कंपनी आगे भी विस्तार की योजना बना रही है। हालांकि कुछ चिंताएं भी हैं जैसे कि इसका प्रमुख ब्रांड्स के लिए इसका अपना कोई ट्रेडमार्क नहीं है और दूसरा ये कि इसे तगड़ा कॉम्पटीशन झेलना पड़ता है। इसके अलावा यह इश्यू पूरी तरह ऑफर फॉर सेल का है। वैल्यूएशन के हिसाब से यह 47.47x P/E पर है जो फुल्ली प्राइस्ड दिख रहा है। ऐसे में ब्रोकरेज ने इसमें हाई रिस्क वाले निवेशकों को ही लॉन्ग टर्म के लिए निवेश की सलाह दी है।
Reliance Securities: Subscribe
रिलायंस सिक्योरिटीज के मुताबिक सेलो वर्ल्ड जिस कारोबार में है, उसमें ग्रोथ की काफी संभावनाएं हैं। सेलो वर्ल्ड ने अगल-अलग ऐज ग्रुप, कैटेगरी में लगातार नई-नई चीजें पेश की है जिसके दम पर पिछले कुछ वर्षों से मार्केट में इसकी हिस्सेदारी बढ़ रही है और कंज्यूमर बेस भी बढ़ रहा है। यह अपने हर कारोबारी सेगमेंट में वैल्यू चेन को बढ़ा रही है। यह जिस कारोबार में है, वह तेजी से बढ़ रही है और उसका फायदा उठाने के लिए सेलो वर्ल्ड मजबूत स्थिति में है। इसके अलावा कंपनी के मजबूत फाइनेंशियल और कर्ज मुक्त होने के चलते लॉन्ग टर्म के लिए यह बेहतर निवेश साबित हो सकता है। ऐसे में ब्रोकरेज ने इसे सब्सक्राइब की रेटिंग दी है।
कच्चे माल को अपने व्यापक प्रोडक्ट रेंज में इस्तेमाल करने की स्ट्रैटेजी के चलते कंपनी को कच्चे माल के भाव में उतार-चढ़ाव की स्थिति में प्रॉफिट मार्जिन को संभालने में मदद मिलती है। मार्केट के हिसाब से यह कच्चे माल को प्रॉयोरिटी के हिसाब से खपाती है जिससे इसका मार्जिन नियंत्रण में रहता है। इसके अलावा विशाल डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क से भी इसे काफी मदद मिलती है। यह इश्यू वित्त वर्ष 2023 की कमाई के आधार पर आईपीओ के अपर प्राइस बैंड के हिसाब से 44.4x P/E पर है और इंडस्ट्री का औसत 45.5x है।। ऐसे में ब्रोकरेज ने इसे लिस्टिंग गेन के लिए सब्सक्राइब की रेटिंग दी है।
Choice Broking: Subscribe with caution
डाईवर्सिफाईड प्रोडक्ट पोर्टफोलियो, बड़े डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और स्थापित ब्रांड के दम पर सेलो वर्ल्ड ने घरेलू कंज्यूमर-वेयर मार्केट अपनी दमदार स्थिति को मजबूत बनाए रखा है। अब यह ग्लासवेयर प्रोडक्ट्स में भी अपने पांव फैला रही है तो इससे मार्केट में स्थिति और मजबूत होगी। यह जिस सेक्टर में है, उसमें ग्रोथ की काफी गुंजाइश है और सेलो वर्ल्ड इसका फायदा उठाने की मजबूत स्थिति में है। हालांकि आईपीओ के अपर प्राइस बैंड के हिसाब से यह 48.8x TTM P/E पर है जो कि पियर्स के 38.6x से काफी प्रीमियम पर यानी ओवरवैल्यूड है। ऐसे में ब्रोकरेज ने इसे सब्सक्राइब विद कॉशन की रेटिंग दी है।
Sushil Finance: Subscribe
सेलो वर्ल्ड काफी मशहूर ब्रांड है और मार्केट में इसकी स्थिति काफी मजबूत है। इसका प्रोडक्ट पोर्टफोलियो काफी डाईवर्सिफाईड है और नए कारोबार को बढ़ाने में इसका ट्रैक रिकॉर्ड अच्छा रहा है। इसके कारोबार को देश भर में फैले डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और वित्तीय नतीजे के मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड से सपोर्ट मिल रहा है। इन सब बातों के साथ-साथ रिस्क और अवसरों को देखते हुए ब्रोकरेज सुशील फाइनेंस ने इसे मीडियम से लॉन्ग के लिए सब्सक्राइब की रेटिंग दी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।