Shri Techtex IPO : टेक्निकल कपड़े बनाने वाली कंपनी श्री टेकटेक्स का IPO 26 जुलाई को खुलने वाला है। इस आईपीओ के लिए कंपनी ने 54-61 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय कर दिया है। अहमदाबाद स्थित कंपनी ने एक बयान में कहा कि पब्लिक इश्यू में 28 जुलाई तक निवेश किया जा सकेगा। वहीं, एंकर निवेशक 25 जुलाई को शेयरों के लिए बोली लगा सकेंगे। कंपनी इश्यू के अपर प्राइस बैंड के हिसाब से 45.14 करोड़ रुपये जुटा सकती है। इसमें 74 लाख इक्विटी शेयरों का फ्रेश इश्यू शामिल है।
कुल इश्यू साइज में से कंपनी ने क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए 35.10 लाख शेयर रिजर्व रखे गए हैं। इसके अलावा, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स के लिए 10.56 लाख शेयर और खुदरा निवेशकों के लिए 24.62 लाख शेयर आरक्षित हैं। आईपीओ के बाद कंपनी के शेयर NSE के ‘NSE इमर्ज’ प्लेटफॉर्म पर लिस्ट होंगे।
कहां होगा फंड का इस्तेमाल
कंपनी आईपीओ से प्राप्त फंड का इस्तेमाल फैक्ट्री शेड के कंस्ट्रक्शन, सोलर प्लांट को चालू करने और वर्किंग कैपिटल जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी। इसके अलावा, सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्य के लिए भी फंड का उपयोग किया जाएगा। बीलाइन कैपिटल एडवाइजर्स बुक रनिंग लीड मैनेजर है और लिंक इनटाइम इंडिया इश्यू का रजिस्ट्रार है।
श्री टेकटेक्स लिमिटेड के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हंसकुमार अग्रवाल ने कहा, "हम लगातार ग्रोथ कर रहे हैं और हमने अपने ऑपरेशन के पहले दशक में प्रोडक्ट्स, कैपिसिटी, क्लाइंट और जियोग्राफिकल पहुंच के मामले में एक मजबूत आधार तैयार किया है। हमने ग्रोथ एसेट्स और एक पब्लिक कंपनी में बदलाव में निवेश किया है - जो कंपनी के लिए नए अवसर खोलेगा।"
कंपनी कई आकारों और घनत्वों में 4.5 मीटर तक और 15 GSM से 800 GSM ग्रेड तक PP गैर-बुने हुए कपड़े बनाती है। इसकी मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी गुजरात के अहमदाबाद जिले के ढोलका तालुका के सिमाज में स्थित है। मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी 41,548 वर्ग मीटर में फैली हुई है और प्रति वर्ष 3,600 टन पीपी गैर-बुने हुए कपड़े की क्षमता के साथ स्थापित की गई है।